छत्तीसगढ़ बोर्ड की 12वीं हिन्दी परीक्षा पर वायरल पर्चे का मामला, मण्डल ने कराई FIR दर्ज

रायपुर, 16 मार्च। छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मण्डल द्वारा 14 मार्च को आयोजित कक्षा 12वीं की हिन्दी विषय की बोर्ड परीक्षा से जुड़े एक कथित हस्तलिखित पर्चे के सोशल मीडिया पर वायरल होने के दावे को लेकर मण्डल ने मामला संज्ञान में लिया है। एहतियातन इस संबंध में प्राथमिकी (FIR) दर्ज कर पुलिस और साइबर सेल से जांच कराई जा रही है।
मण्डल को कल 15 मार्च को शाम 5 बजे सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म व्हाट्सएप के माध्यम से और 16 मार्च को मीडिया रिपोर्टों के जरिए जानकारी मिली कि एक छात्र संगठन ने दावा किया है कि 13 मार्च 26 को, यानी परीक्षा से एक दिन पहले, हिन्दी विषय से संबंधित प्रश्नों का एक हस्तलिखित पर्चा सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था।
मीडिया में प्रकाशित खबरों के अनुसार, वायरल पर्चे में लिखे प्रश्नों और परीक्षा में पूछे गए हिन्दी विषय के बी-सेट प्रश्नपत्र के कुछ प्रश्नों में समानता होने का दावा किया जा रहा है। हालांकि, सोशल मीडिया और समाचार पत्रों में प्रसारित पर्चा स्पष्ट और पूरी तरह पठनीय नहीं है, जिसके कारण उसकी सत्यता की सीधे तौर पर पुष्टि नहीं हो पा रही है।
माध्यमिक शिक्षा मण्डल के सचिव ने स्पष्ट किया है कि संबंधित वीडियो और सामग्री परीक्षा संपन्न होने के बाद सामने आई है, इसलिए प्रथम दृष्टया इसे प्रश्नपत्र लीक की घटना नहीं माना जा सकता। इसके बावजूद परीक्षा जैसे संवेदनशील और महत्वपूर्ण कार्य को ध्यान में रखते हुए मण्डल ने मामले को गंभीरता से लिया है।
एहतियात के तौर पर मण्डल की ओर से इस मामले में प्राथमिकी (FIR) दर्ज कराई जा रही है और पुलिस तथा साइबर सेल से पूरे प्रकरण की विस्तृत जांच कराई जाएगी, ताकि वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सके।
मण्डल के सचिव ने कहा कि परीक्षाओं की गोपनीयता और पारदर्शिता बनाए रखने के लिए बोर्ड पूरी तरह प्रतिबद्ध है और यदि किसी प्रकार की अनियमितता पाई जाती है तो नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी।




