MainSlideखास ख़बरब्रेकिंग न्यूजराजनीति

TMC ने जारी की उम्मीदवारों की सूची: 291 सीटों पर लड़ेगी चुनाव, ममता का दावा—226 से ज्यादा सीटें जीतेंगे

कोलकाता, 17 मार्च। पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 2026 को लेकर सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) ने अपने उम्मीदवारों की सूची जारी कर दी है। पार्टी प्रमुख और मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने मंगलवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि टीएमसी राज्य की कुल 294 में से 291 सीटों पर चुनाव लड़ेगी।

उन्होंने स्पष्ट किया कि दार्जिलिंग पहाड़ी क्षेत्र की बाकी तीन सीटें सहयोगी दल भारतीय गोरखा प्रजातांत्रिक मोर्चा (बीजीपीएम) को दी गई हैं, जिसका नेतृत्व अनित थापा कर रहे हैं।

ममता बनर्जी खुद भवानीपुर सीट से चुनाव मैदान में उतरेंगी। इस दौरान उनके साथ पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव अभिषेक बनर्जी और प्रदेश अध्यक्ष सुब्रत बख्शी भी मौजूद रहे।

मुख्यमंत्री ने भरोसा जताया कि टीएमसी आगामी चुनाव में प्रचंड बहुमत हासिल करेगी। उन्होंने दावा किया कि पार्टी 226 से अधिक सीटें जीतकर फिर से सत्ता में वापसी करेगी। साथ ही उन्होंने उन नेताओं और कार्यकर्ताओं को भी आश्वस्त किया, जिन्हें टिकट नहीं मिला है, कि उन्हें संगठन में उचित जिम्मेदारी दी जाएगी।

विपक्षी दल भारतीय जनता पार्टी पर निशाना साधते हुए ममता बनर्जी ने कहा कि इस चुनाव में भाजपा की सीटें घटेंगी और जनता उनकी नीतियों का करारा जवाब देगी।

वहीं अभिषेक बनर्जी ने उम्मीदवारों की सामाजिक संरचना पर जानकारी देते हुए बताया कि 291 उम्मीदवारों में 52 महिलाएं, 95 अनुसूचित जाति/जनजाति और 47 अल्पसंख्यक समुदाय से हैं।

टीएमसी ने प्रमुख सीटों पर भी उम्मीदवार घोषित किए हैं, जिनमें कोलकाता पोर्ट से फरहाद हकीम, बेलेघाटा से कुणाल घोष और हाबरा से ज्योतिप्रियो मल्लिक को मैदान में उतारा गया है।

Related Articles

Back to top button