नई दिल्ली, 29 अप्रैल। देश के चार राज्यों पश्चिम बंगाल, असम, केरल, तमिलनाडु और केंद्रशासित प्रदेश पुडुचेरी में विधानसभा चुनावों के मतदान के बाद जारी एग्जिट पोल के नतीजों ने सियासी हलचल तेज कर दी है। अधिकांश सर्वेक्षणों में पश्चिम बंगाल में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) को बढ़त या बहुमत मिलने के संकेत दिए गए हैं, जबकि असम में भाजपा के नेतृत्व वाले गठबंधन के लगातार तीसरी बार सत्ता में लौटने की संभावना जताई गई है।
पश्चिम बंगाल की 294 सीटों के लिए दो चरणों में मतदान संपन्न हुआ। विभिन्न एजेंसियों के सर्वे में भाजपा और तृणमूल कांग्रेस के बीच कड़ी टक्कर दिखाई गई है। कुछ सर्वेक्षणों में भाजपा को बहुमत मिलता दिखाया गया है, तो कुछ में तृणमूल कांग्रेस की वापसी का अनुमान भी लगाया गया है।
‘पीपुल्स प्लस’ के अनुसार तृणमूल कांग्रेस 177 से 187 सीटों के साथ सत्ता बरकरार रख सकती है, जबकि भाजपा को 95 से 110 सीटें मिल सकती हैं। वहीं ‘पोल डायरी’ और ‘मैट्रिज’ जैसे सर्वे भाजपा को 140 से अधिक सीटों के साथ सरकार बनाते हुए दिखा रहे हैं। ‘पी-मार्क’ ने भी भाजपा को 150 से 175 सीटों के बीच रहने का अनुमान जताया है।
असम में लगभग सभी एग्जिट पोल भाजपा के नेतृत्व वाले राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) की जीत की ओर इशारा कर रहे हैं। 126 सदस्यीय विधानसभा में ‘एक्सिस माय इंडिया’ ने राजग को 88 से 100 सीटें मिलने का अनुमान जताया है, जबकि कांग्रेस गठबंधन 24 से 36 सीटों तक सीमित रह सकता है। अन्य सर्वेक्षणों में भी भाजपा गठबंधन को स्पष्ट बहुमत मिलने की संभावना जताई गई है।
केरल में तस्वीर उलट नजर आ रही है। यहां अधिकांश एग्जिट पोल वाम लोकतांत्रिक मोर्चा (एलडीएफ) की सत्ता से विदाई और कांग्रेस के नेतृत्व वाले संयुक्त लोकतांत्रिक मोर्चा (यूडीएफ) की वापसी का संकेत दे रहे हैं। ‘एक्सिस माय इंडिया’ के मुताबिक यूडीएफ को 78 से 90 सीटें मिल सकती हैं, जबकि एलडीएफ 49 से 62 सीटों पर सिमट सकता है। अन्य एजेंसियों के सर्वे भी इसी रुझान की पुष्टि करते हैं।
तमिलनाडु में द्रमुक के नेतृत्व वाले गठबंधन को बढ़त मिलती दिखाई गई है। ‘पीपुल्स प्लस’ ने इस गठबंधन को 125 से 145 सीटों तक पहुंचने का अनुमान जताया है। वहीं अन्नाद्रमुक के नेतृत्व वाले गठबंधन को 65 से 100 सीटों के बीच रहने का अनुमान है। अभिनेता विजय की पार्टी टीवीके को भी कुछ सीटें मिलने के संकेत हैं।
पुडुचेरी में अधिकतर सर्वेक्षण ऑल इंडिया एनआर कांग्रेस (एआईएनआरसी) के नेतृत्व वाले राजग गठबंधन को बहुमत मिलने की संभावना जता रहे हैं। ‘एक्सिस माय इंडिया’ के अनुसार राजग 16 से 20 सीटें जीत सकता है, जबकि कांग्रेस-द्रमुक गठबंधन 6 से 8 सीटों तक सीमित रह सकता है।
हालांकि, एग्जिट पोल के ये आंकड़े अंतिम परिणाम नहीं होते और वास्तविक नतीजे मतगणना के बाद ही स्पष्ट होंगे।




