होम खास ख़बर राज्यपाल से मिले टीवीके प्रमुख विजय, सरकार बनाने का मिला न्योता

राज्यपाल से मिले टीवीके प्रमुख विजय, सरकार बनाने का मिला न्योता

0

चेन्नई 07 मई। तमिलनाडु में नई सरकार के गठन को लेकर जारी राजनीतिक असमंजस अब समाप्ति की ओर बढ़ता नजर आ रहा है। टीवीके प्रमुख विजय ने गुरुवार को राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ अर्लेकर से मुलाकात कर सरकार बनाने का औपचारिक दावा पेश किया। माना जा रहा है कि इस मुलाकात के बाद राज्य में नई सरकार के गठन का रास्ता लगभग साफ हो गया है।

    सूत्रों के अनुसार विजय ने राज्यपाल को भरोसा दिलाया कि उनके पास सरकार गठन के लिए आवश्यक समर्थन मौजूद है और वे शपथ ग्रहण के बाद विधानसभा में आसानी से बहुमत साबित कर देंगे। उन्होंने उन दलों और विधायकों की जानकारी भी राज्यपाल को सौंपी, जिन्होंने उनकी सरकार को समर्थन देने का आश्वासन दिया है।

    बताया जा रहा है कि बैठक के दौरान विजय ने स्थिर और मजबूत सरकार देने का भरोसा भी जताया। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक राज्यपाल अर्लेकर विजय के दावों और समर्थन के आंकड़ों से संतुष्ट दिखाई दिए, जिसके बाद उन्होंने उन्हें सरकार बनाने के लिए औपचारिक रूप से आमंत्रित कर दिया।

    राज्यपाल के इस फैसले के बाद तमिलनाडु की राजनीति में चल रही अटकलों पर विराम लग गया है। अब संभावना जताई जा रही है कि नई सरकार का शपथ ग्रहण समारोह शुक्रवार या शनिवार को चेन्नई में आयोजित किया जा सकता है।

    सूत्रों के मुताबिक शपथ ग्रहण समारोह में टीवीके के वरिष्ठ नेताओं के साथ सहयोगी दलों के प्रतिनिधि और देशभर के कई प्रमुख राजनीतिक नेताओं की मौजूदगी रहने की संभावना है। इसके साथ ही संभावित मंत्रिमंडल को लेकर भी राजनीतिक हलकों में चर्चाएं तेज हो गई हैं।

     इससे पहले बुधवार को भी विजय ने राज्यपाल से मुलाकात कर सरकार बनाने का दावा पेश किया था। उस दौरान उन्होंने टीवीके और कांग्रेस विधायकों के समर्थन पत्र राज्यपाल को सौंपे थे। हालांकि उस समय राज्यपाल ने कोई अंतिम निर्णय नहीं लिया था, जिसके चलते प्रस्तावित शपथ ग्रहण कार्यक्रम टाल दिया गया था।

     अब राज्यपाल की ओर से सरकार गठन का निमंत्रण मिलने के बाद तमिलनाडु में नई सरकार के गठन को लेकर तस्वीर लगभग स्पष्ट हो चुकी है।