होम खास ख़बर शुभेन्दु अधिकारी होंगे पश्चिम बंगाल के नए मुख्यमंत्री

शुभेन्दु अधिकारी होंगे पश्चिम बंगाल के नए मुख्यमंत्री

0

कोलकाता 08 मई।पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 2026 में ऐतिहासिक जीत दर्ज करने के बाद भारतीय जनता पार्टी ने राज्य के नए मुख्यमंत्री के नाम का ऐलान कर दिया है। बीजेपी विधायक दल की बैठक में वरिष्ठ नेता शुभेन्द्रु अधिकारी को सर्वसम्मति से विधायक दल का नेता चुना गया। इसके साथ ही वे पश्चिम बंगाल के पहले बीजेपी मुख्यमंत्री बनने जा रहे हैं।

   बीजेपी विधायक दल की बैठक के बाद केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने औपचारिक रूप से उनके नाम की घोषणा की। अमित शाह ने कहा कि चुनाव प्रक्रिया पूरी होने के बाद विधायक दल की बैठक में कई प्रस्ताव और समर्थन पत्र प्राप्त हुए, जिनमें सभी ने एकमत से सुभेंदु अधिकारी के नाम का समर्थन किया। उन्होंने कहा कि सुभेंदु अधिकारी के नेतृत्व और संगठन क्षमता ने पार्टी को पश्चिम बंगाल में ऐतिहासिक सफलता दिलाई है।

     विधानसभा चुनाव 2026 में बीजेपी ने राज्य में बड़ा राजनीतिक बदलाव करते हुए ममता बनर्जी के नेतृत्व वाली टीएमसी सरकार के 14 साल लंबे शासन का अंत कर दिया। पार्टी ने 200 से अधिक सीटों पर जीत हासिल कर स्पष्ट बहुमत प्राप्त किया।

    सुभेंदु अधिकारी ने इस चुनाव में नंदीग्राम और भवानीपुर, दोनों सीटों से चुनाव लड़ा। नंदीग्राम सीट पर उन्होंने लगातार दूसरी बार जीत दर्ज की, जबकि भवानीपुर में उन्होंने मुख्यमंत्री ममता बनर्जी को पराजित कर राजनीतिक हलकों में बड़ा संदेश दिया।

     गौरतलब है कि सुभेंदु अधिकारी कभी टीएमसी के प्रमुख नेताओं में गिने जाते थे और ममता बनर्जी के करीबी सहयोगी माने जाते थे। वर्ष 2020 में उन्होंने बीजेपी का दामन थामा था। 2021 में नंदीग्राम से ममता बनर्जी को हराने के बाद वे पश्चिम बंगाल विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष बने। इसके बाद 2026 के चुनाव में बीजेपी की रणनीति और संगठन को मजबूत करने में उनकी अहम भूमिका रही।

    बैठक के दौरान अमित शाह ने सभी नव-निर्वाचित विधायकों से नए मुख्यमंत्री को पूर्ण समर्थन देने की अपील की और कहा कि बीजेपी सरकार पश्चिम बंगाल में विकास, सुशासन और राजनीतिक स्थिरता का नया अध्याय शुरू करेगी।