चंडीगढ़, 09 मई। पंजाब सरकार के मंत्री और आम आदमी पार्टी (आप) के वरिष्ठ नेता संजीव अरोड़ा को प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने धन शोधन मामले में गिरफ्तार कर लिया है। ईडी की यह कार्रवाई शुक्रवार देर रात शुरू हुई, जिसमें अरोड़ा से जुड़े कई ठिकानों पर एक साथ छापेमारी की गई। लंबी पूछताछ और दस्तावेजों की जांच के बाद एजेंसी ने उन्हें हिरासत में लेकर औपचारिक रूप से गिरफ्तार कर लिया।
सूत्रों के मुताबिक, ईडी की टीम ने संजीव अरोड़ा के करीबी सहयोगियों और कारोबारी संपर्कों से जुड़े कई लोगों को भी हिरासत में लिया है। जांच एजेंसी को तलाशी अभियान के दौरान कई महत्वपूर्ण दस्तावेज और डिजिटल साक्ष्य मिले हैं, जिनकी जांच की जा रही है। बताया जा रहा है कि कुछ स्थानों पर अब भी तलाशी अभियान जारी है।
इस कार्रवाई के बाद पंजाब की राजनीति में हलचल तेज हो गई है। मुख्यमंत्री भगवंत मान ने पहले ही प्रेस वार्ता कर केंद्र सरकार पर गंभीर आरोप लगाए थे। उन्होंने कहा कि केंद्रीय जांच एजेंसियों का इस्तेमाल राजनीतिक विरोधियों को दबाने और विपक्षी नेताओं को निशाना बनाने के लिए किया जा रहा है। मान ने दावा किया कि आम आदमी पार्टी के नेताओं पर लगातार दबाव बनाने की कोशिश हो रही है।
वहीं, विपक्षी दलों ने मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है। ईडी की ओर से फिलहाल गिरफ्तारी को लेकर विस्तृत आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है, लेकिन माना जा रहा है कि आने वाले दिनों में जांच और तेज हो सकती है।




