होम खास ख़बर तमिलनाडु में सरकार गठन का रास्ता साफ, वीसीके के समर्थन से विजय...

तमिलनाडु में सरकार गठन का रास्ता साफ, वीसीके के समर्थन से विजय को बहुमत का मिला समर्थन

0

चेन्नई, 09 मई। तमिलनाडु की राजनीति में पिछले कई दिनों से जारी सियासी असमंजस आखिरकार समाप्त हो गया है। विदुथलाई चिरूथईगल काट्ची (वीसीके) ने तमिलागा वेट्री कझगम (टीवीके) को बिना शर्त समर्थन देने की घोषणा कर दी है, जिससे अभिनेता से नेता बने जोसेफ विजय के मुख्यमंत्री बनने का रास्ता साफ हो गया है।

    थोल थिरुमावलवन के नेतृत्व वाली वीसीके के इस फैसले के बाद टीवीके गठबंधन ने 234 सदस्यीय विधानसभा में बहुमत का जरूरी आंकड़ा 118 हासिल कर लिया है। वीसीके के दो विधायकों के समर्थन के साथ टीवीके अब सरकार बनाने की स्थिति में पहुंच गई है।

    शनिवार शाम वीसीके प्रमुख थिरुमावलवन ने टीवीके चुनाव अभियान प्रबंधन महासचिव आधाव अर्जुना को समर्थन पत्र सौंपा। इसके बाद अर्जुना ने मीडिया से बातचीत में कहा कि लोकतंत्र की रक्षा की जाएगी और टीवीके प्रमुख विजय तमिलनाडु के अगले मुख्यमंत्री होंगे। उन्होंने कांग्रेस, माकपा, भाकपा और वीसीके नेतृत्व का भी आभार जताया।

    गौरतलब है कि टीवीके ने अपने पहले विधानसभा चुनाव में शानदार प्रदर्शन करते हुए 108 सीटों पर जीत दर्ज की थी। हालांकि दो सीटों से विजय मिलने के कारण तकनीकी रूप से पार्टी के पास 107 विधायक ही थे और बहुमत के लिए उसे 11 अतिरिक्त विधायकों की जरूरत थी।

    सरकार गठन के लिए विजय ने विपक्षी दलों से समर्थन जुटाने की कवायद शुरू की थी। इसके तहत कांग्रेस ने अपने पांच विधायकों के साथ द्रमुक गठबंधन से अलग होकर टीवीके को समर्थन दिया। वहीं भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (भाकपा) और मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) ने भी अपने दो-दो विधायकों के साथ बाहर से समर्थन देने का फैसला किया।

     इसके बाद वीसीके के दो विधायकों के समर्थन से टीवीके गठबंधन की संख्या बढ़कर 118 तक पहुंच गई, जो सरकार बनाने के लिए आवश्यक बहुमत का आंकड़ा है।

     सूत्रों के अनुसार, वीसीके का समर्थन लंबे राजनीतिक मंथन और बातचीत के बाद मिला। सुबह तक थिरुमावलवन ने अपना फैसला सुरक्षित रखा था, जिससे राजनीतिक गलियारों में हलचल बनी हुई थी। हालांकि शाम को उन्होंने समर्थन की औपचारिक घोषणा कर दी।

        अब माना जा रहा है कि राज्यपाल जल्द ही विजय को सरकार बनाने के लिए आमंत्रित कर सकते हैं। इसके बाद नई सरकार के शपथ ग्रहण की तारीख तय की जाएगी।