होम छत्तीसगढ़ कलिबेश्वर महादेव मंदिर के प्राण-प्रतिष्ठा समारोह में शामिल हुए साय

कलिबेश्वर महादेव मंदिर के प्राण-प्रतिष्ठा समारोह में शामिल हुए साय

0

जशपुर, 10 मई। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय शनिवार को अपने जशपुर प्रवास के दौरान कुनकुरी विकासखंड के ग्राम कलिबा पहुंचे, जहां उन्होंने नवनिर्मित कलिबेश्वर महादेव मंदिर के प्राण-प्रतिष्ठा समारोह में भाग लिया। इस दौरान उनकी धर्मपत्नी श्रीमती कौशल्या साय भी उपस्थित रहीं।

     मुख्यमंत्री ने यज्ञमंडप में हरिनाम संकीर्तन करते हुए परिक्रमा की और विधिवत पूजा-अर्चना कर प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि, खुशहाली और मंगलमय जीवन की कामना की। उन्होंने कहा कि मंदिर केवल आस्था के केंद्र नहीं होते, बल्कि समाज को जोड़ने और संस्कृति एवं परंपराओं को जीवंत बनाए रखने का सशक्त माध्यम भी हैं।

      उन्होंने कहा कि सनातन संस्कृति सेवा, सद्भाव, सामाजिक समरसता और भाईचारे का संदेश देती है। धार्मिक आयोजन समाज में सकारात्मक ऊर्जा का संचार करते हैं और लोगों को एक-दूसरे से जोड़ने का कार्य करते हैं।

      इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने ग्राम कलिबा में सामुदायिक भवन निर्माण के लिए 25 लाख रुपये देने की घोषणा की। इसके साथ ही हनुमान टेकरी में सामुदायिक भवन और सूर्य नमस्कार की मुद्राओं की प्रतिकृति निर्माण कराने की भी घोषणा की गई।

      मुख्यमंत्री श्री साय ने अपने 28 माह के कार्यकाल की उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए कहा कि राज्य सरकार ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अधिकांश गारंटियों को तेजी से लागू किया है। उन्होंने बताया कि महतारी वंदन योजना के तहत अब तक महिलाओं के खातों में 17 हजार 500 करोड़ रुपये से अधिक की राशि अंतरित की जा चुकी है।

       उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ भगवान श्रीराम का ननिहाल है और रामलला दर्शन योजना के तहत अब तक 42 हजार से अधिक श्रद्धालुओं को अयोध्या में भगवान श्रीराम के दर्शन कराए जा चुके हैं। वहीं मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना के माध्यम से देशभर के 19 प्रमुख तीर्थ स्थलों की यात्रा भी कराई जा रही है।

       मुख्यमंत्री ने बताया कि आम जनता की समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए प्रदेशभर में सुशासन तिहार आयोजित किया जा रहा है। साथ ही राजस्व मामलों के निराकरण के लिए विशेष शिविर लगाए गए हैं। उन्होंने कहा कि जल्द ही मुख्यमंत्री हेल्पलाइन भी शुरू की जाएगी, जिसके लिए टोल फ्री नंबर जारी होगा। इस व्यवस्था के जरिए लोग अपनी समस्याएं दर्ज करा सकेंगे और तय समय-सीमा में समाधान सुनिश्चित किया जाएगा।

      उन्होंने यह भी बताया कि बिजली बिल भुगतान समाधान योजना के तहत प्रदेशभर में शिविर लगाए जा रहे हैं और 757 करोड़ रुपये के बिजली बिल माफ किए जा रहे हैं। लोगों से योजना का लाभ लेने के लिए पंजीयन कराने की अपील भी की गई।

      मुख्यमंत्री ने कहा कि हाल ही में प्रदेश की 515 नई प्राथमिक कृषि साख सहकारी समितियों (पैक्स) का वर्चुअल शुभारंभ किया गया है। अब प्रदेश में सहकारी समितियों की संख्या बढ़कर 2,573 हो गई है। इन समितियों के माध्यम से किसानों को खाद, बीज और अल्पकालीन ऋण जैसी सुविधाएं गांव के नजदीक उपलब्ध होंगी तथा धान खरीदी प्रक्रिया भी आसान बनेगी।

      कार्यक्रम में पद्मश्री जागेश्वर यादव, छत्तीसगढ़ माटी कला बोर्ड के अध्यक्ष शंभूनाथ चक्रवर्ती, जिला पंचायत अध्यक्ष सालिक साय, मंदिर समिति अध्यक्ष उपेंद्र यादव सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी-कर्मचारी और बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे।