होम खास ख़बर पीएम मोदी की अपील: पेट्रोल-डीजल का करें संयमित उपयोग

पीएम मोदी की अपील: पेट्रोल-डीजल का करें संयमित उपयोग

0

हैदराबाद, 10 मई। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पश्चिम एशिया में जारी संकट के बीच देशवासियों से पेट्रोलियम उत्पादों का संयमित उपयोग करने की अपील की है।

   तेलंगाना में करीब 9,400 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं के उद्घाटन और शिलान्यास कार्यक्रम को संबोधित करते हुए श्री मोदी ने कहा कि पेट्रोल, डीजल और गैस जैसे आयातित ईंधन का इस्तेमाल जरूरत के अनुसार ही किया जाना चाहिए, ताकि विदेशी मुद्रा की बचत हो सके और वैश्विक युद्ध जैसे हालात का असर कम किया जा सके।

    हैदराबाद अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन केंद्र (एचआईसीसी) में आयोजित कार्यक्रम में प्रधानमंत्री ने कहा कि भारत ने पिछले कुछ वर्षों में सौर ऊर्जा और एथनॉल मिश्रण के क्षेत्र में तेजी से प्रगति की है। उन्होंने बताया कि पहले सरकार का फोकस हर घर तक एलपीजी पहुंचाने पर था, जबकि अब पाइपलाइन के जरिए सस्ती गैस आपूर्ति और सीएनजी के उपयोग को बढ़ावा दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि इन्हीं प्रयासों के कारण भारत वैश्विक ऊर्जा संकट का मजबूती से सामना कर पा रहा है।

    प्रधानमंत्री मोदी ने तेलंगाना के विकास के लिए केंद्र सरकार के सहयोग का भरोसा दिलाते हुए मुख्यमंत्री ए. रेवंत रेड्डी से मिलकर काम करने की अपील की। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में अलग-अलग दलों की सरकारें होना गलत नहीं है, लेकिन राज्यों और देश के विकास के लिए सामूहिक प्रयास जरूरी हैं। मोदी ने कहा कि ‘विकसित भारत 2047’ का सपना तभी साकार होगा जब सभी राज्य विकास की रफ्तार में सहभागी बनेंगे।

   अपने संबोधन में प्रधानमंत्री ने बताया कि पिछले 11 वर्षों में तेलंगाना में राष्ट्रीय राजमार्ग नेटवर्क दोगुना हुआ है। उन्होंने कहा कि 2014 से पहले अविभाजित आंध्र प्रदेश का रेलवे बजट एक हजार करोड़ रुपये से भी कम था, जबकि अब केवल तेलंगाना के लिए रेलवे बजट 5,500 करोड़ रुपये तक पहुंच गया है। उन्होंने यह भी कहा कि राज्य में लगभग 50 हजार करोड़ रुपये की रेलवे परियोजनाओं पर काम जारी है।

   इस दौरान मुख्यमंत्री ए. रेवंत रेड्डी ने भी केंद्र से तेलंगाना के विकास कार्यों में सहयोग की मांग की। उन्होंने मेट्रो रेल विस्तार, फ्यूचर सिटी परियोजना और मुसी नहर पुनर्जीवन योजना के लिए केंद्र के समर्थन की आवश्यकता बताई। मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री से राज्य के विकास प्रस्तावों पर विस्तार से चर्चा के लिए समय देने का अनुरोध भी किया।

    कार्यक्रम में प्रधानमंत्री मोदी ने कई महत्वपूर्ण परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया। इनमें हैदराबाद-पणजी आर्थिक कॉरिडोर के तहत राष्ट्रीय राजमार्ग-167 का चौड़ीकरण, काजीपेट-विजयवाड़ा मल्टी ट्रैकिंग रेलवे परियोजना के विभिन्न खंड, हैदराबाद का ग्रीनफील्ड पीओएल टर्मिनल, काजीपेट रेल अंडरपास बाईपास और वारंगल स्थित पीएम मित्र पार्क शामिल हैं।

    करीब 1,700 करोड़ रुपये की लागत से विकसित काकतीय मेगा टेक्सटाइल पार्क को देश का पहला पूरी तरह संचालित पीएम मित्र पार्क बताया गया। कार्यक्रम में तेलंगाना के राज्यपाल शिव प्रताप शुक्ल, केंद्रीय मंत्री जी. किशन रेड्डी समेत कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे।