रायपुर, 16 मई। पेट्रोल-डीजल, खाद्य सामग्रियों और आवश्यक वस्तुओं की लगातार बढ़ती कीमतों के विरोध में छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस ने 17 मई से चार दिवसीय प्रदेशव्यापी आंदोलन का ऐलान किया है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज के निर्देश पर सभी जिला एवं ब्लॉक मुख्यालयों में धरना, प्रदर्शन और जनसंवाद कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
कांग्रेस द्वारा जारी कार्यक्रम के अनुसार 17 मई को पेट्रोल और डीजल की बढ़ती कीमतों तथा ईंधन संकट के खिलाफ प्रदेशभर के पेट्रोल पंपों के सामने प्रदर्शन किया जाएगा। कार्यकर्ता बैनर, तख्तियां और नारे लेकर विरोध जताएंगे। साथ ही आम लोगों से संवाद कर वीडियो सोशल मीडिया पर साझा किए जाएंगे।
18 मई को खाद्य तेल और राशन सामग्री की महंगाई के विरोध में किराना बाजारों में प्रदर्शन होगा। कांग्रेस कार्यकर्ता व्यापारियों और आम नागरिकों से चर्चा कर बढ़ती कीमतों को लेकर जनमत तैयार करेंगे और अभियान को सोशल मीडिया के माध्यम से आगे बढ़ाएंगे।
19 मई को सोना-चांदी की खरीदी पर रोक के आह्वान से प्रभावित सराफा कारोबारियों, कारीगरों और कर्मचारियों के समर्थन में सराफा बाजारों में प्रदर्शन किया जाएगा। इस दौरान व्यापारियों और आम जनता से संवाद कर उनकी समस्याओं को प्रमुखता से उठाया जाएगा।
आंदोलन के अंतिम दिन 20 मई को कांग्रेस सोशल मीडिया अभियान चलाएगी। पेट्रोल-डीजल, किराना और सराफा बाजार में बढ़ती महंगाई से जुड़े वीडियो बनाकर फेसबुक, इंस्टाग्राम सहित विभिन्न सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर साझा किए जाएंगे।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष श्री बैज ने कहा कि केंद्र सरकार की गलत आर्थिक नीतियों के कारण पेट्रोल-डीजल, खाद्य सामग्री और सोना-चांदी की कीमतों में लगातार वृद्धि हो रही है। इससे मध्यम वर्ग, किसान, मजदूर, व्यापारी और आम नागरिक आर्थिक संकट का सामना कर रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र और राज्य सरकार की जनविरोधी नीतियों के कारण आवश्यक वस्तुओं के दाम लगातार बढ़ रहे हैं, जिससे जनता में भारी नाराजगी है। कांग्रेस पार्टी इस मुद्दे को लेकर प्रदेशभर में व्यापक जनआंदोलन करेगी।




