जगदलपुर, 18 मई।केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह सोमवार को बस्तर जिले के नेतानार गांव पहुंचे, जहां उन्होंने सीआरपीएफ कैंप में स्थापित “शहीद वीर गुंडाधूर सेवा डेरा (जन सुविधा केंद्र)” का उद्घाटन किया। इस दौरान उन्होंने ग्रामीण महिलाओं, स्व-सहायता समूहों और विभिन्न प्रशिक्षण केंद्रों का अवलोकन कर उनकी गतिविधियों की जानकारी ली।
गृह मंत्री ने इमली प्रसंस्करण केंद्र का निरीक्षण करते हुए वहां प्रशिक्षण प्राप्त कर रहीं महिलाओं से बातचीत की। महिलाओं ने बताया कि इमली प्रसंस्करण और पल्प निर्माण के माध्यम से उनकी आय में लगातार वृद्धि हो रही है। गुंडाधूर महिला स्व-सहायता समूह की सदस्य श्रीमती लंबी नाग ने बताया कि समूह से जुड़कर वे प्रतिवर्ष लगभग एक लाख रुपये तक की आय अर्जित कर सकेंगी। इस दौरान अमित शाह ने बस्तर की इमली का स्वाद भी चखा और उसकी मिठास की प्रशंसा की।
इसके बाद गृह मंत्री सेवा सेतु केंद्र पहुंचे, जहां उन्होंने ग्रामीणों को मिल रही डिजिटल और नागरिक सुविधाओं की जानकारी ली। गांव की निवासी श्रीमती सुखदेवी ने बताया कि उन्होंने अपनी पांच माह की बेटी पद्मा का आधार कार्ड यहीं बनवाया है। पहले आधार संबंधी कार्यों के लिए उन्हें करीब 10 किलोमीटर पैदल चलकर नानगुर जाना पड़ता था, लेकिन अब गांव में ही आधार कार्ड बनवाने, अपडेट, ई-केवाईसी और मोबाइल नंबर अपडेट जैसी सुविधाएं उपलब्ध हो गई हैं।
सेवा सेतु केंद्र में ग्रामीणों को जन्म, आय, जाति सहित विभिन्न प्रमाण पत्रों की ऑनलाइन सुविधा भी दी जा रही है। यहां बैंक सखी प्रशिक्षण कार्यक्रम के माध्यम से महिलाओं को बैंकिंग सेवाओं से भी जोड़ा जा रहा है। महिलाएं गांव में ही पैसा जमा करने, निकासी, खाता खोलने, केवाईसी और स्व-सहायता समूहों के लिए क्रेडिट लिंकेज जैसी सुविधाओं का लाभ ले सकेंगी।
महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण की दिशा में चल रहे सिलाई प्रशिक्षण केंद्र का भी अमित शाह ने निरीक्षण किया। यहां महिलाओं को बेसिक और एडवांस सिलाई का प्रशिक्षण दिया जा रहा है। प्रशिक्षण प्राप्त कर रही सुश्री विजय कुमारी ने बताया कि सिलाई सीखने के बाद वे अपने परिवार का बेहतर पालन-पोषण कर सकेंगी।
गृह मंत्री ने धान डेकी प्रशिक्षण केंद्र का भी दौरा किया और महिलाओं से चर्चा की। ग्रामीण महिलाओं ने बताया कि इस पहल से चावल प्रसंस्करण और बिक्री के जरिए उनकी आय बढ़ रही है, वहीं धान की भूसी का उपयोग पशुओं के पौष्टिक आहार के रूप में भी किया जा रहा है।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा, मुख्य सचिव विकासशील सहित अनेक जनप्रतिनिधि और अधिकारी उपस्थित रहे।




