जगदलपुर, 18 मई। केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने अपने बस्तर दौरे के दौरान सोमवार को जगदलपुर स्थित अमर वाटिका पहुंचकर माओवाद के खिलाफ संघर्ष में शहीद हुए एक हजार से अधिक जवानों को श्रद्धांजलि अर्पित की। इस दौरान मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय.भी उनके साथ मौजूद रहे।
अमर वाटिका में आयोजित श्रद्धांजलि कार्यक्रम के दौरान श्री शाह ने कहा कि बस्तर में शांति, सुरक्षा और विकास स्थापित करने में सुरक्षाबलों के जवानों का योगदान और बलिदान देश हमेशा याद रखेगा। उन्होंने कहा कि राष्ट्र की सुरक्षा के लिए अपने प्राणों की आहुति देने वाले वीर जवानों का त्याग कभी व्यर्थ नहीं जाएगा।
उन्होंने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार बस्तर क्षेत्र में स्थायी शांति कायम करने, विकास को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने और माओवाद के समूल उन्मूलन के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है।
इस अवसर पर अमित शाह ने बीजापुर नक्सली हमले में शहीद हुए जवान कालेन्द्र प्रसाद नायक और पवन कुमार मंडावी के परिजनों से मुलाकात कर संवेदना व्यक्त की। उन्होंने परिवारजनों के बीच बैठकर उनका दुख साझा किया और सरकार की ओर से हरसंभव सहायता का भरोसा दिलाया।केंद्रीय गृह मंत्री ने सुरक्षाबलों के जवानों से भी संवाद किया तथा उनके साहस, समर्पण और सेवा भावना की सराहना करते हुए उनका उत्साहवर्धन किया।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि छत्तीसगढ़ शहीद जवानों के बलिदान को कभी नहीं भूलेगा। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार शहीद परिवारों के सम्मान, सुरक्षा और कल्याण के लिए संवेदनशीलता के साथ लगातार कार्य कर रही है। मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि बस्तर अब शांति, विश्वास और विकास की नई दिशा में आगे बढ़ रहा है, जिसमें सुरक्षाबलों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण रही है।
कार्यक्रम में उपमुख्यमंत्री एवं गृह मंत्री विजय शर्मा, वन एवं पर्यावरण मंत्री केदार कश्यप, जगदलपुर विधायक किरनदेव समेत जनप्रतिनिधि, वरिष्ठ पुलिस अधिकारी और प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित रहे।




