होम देश-विदेश पेट्रोल-डीजल फिर महंगे, एक हफ्ते में दूसरी बार बढ़े दाम

पेट्रोल-डीजल फिर महंगे, एक हफ्ते में दूसरी बार बढ़े दाम

0

नई दिल्ली, 19 मई। देशभर में पेट्रोल और डीजल की कीमतों में मंगलवार को फिर बढ़ोतरी की गई। सरकारी तेल कंपनियों ने पेट्रोल के दाम में करीब 87 पैसे और डीजल में लगभग 91 पैसे प्रति लीटर तक की वृद्धि की है। एक सप्ताह के भीतर ईंधन कीमतों में यह दूसरी बढ़ोतरी है, जिससे आम लोगों पर महंगाई का अतिरिक्त बोझ बढ़ गया है।

नई दरों के बाद राजधानी दिल्ली में पेट्रोल की कीमत 97.77 रुपये से बढ़कर 98.64 रुपये प्रति लीटर हो गई है। वहीं डीजल का दाम 90.67 रुपये से बढ़कर 91.58 रुपये प्रति लीटर पहुंच गया है।

इससे पहले बीते शुक्रवार को भी पेट्रोल और डीजल की कीमतों में चार वर्षों से अधिक समय बाद एक साथ लगभग तीन रुपये प्रति लीटर की बड़ी बढ़ोतरी की गई थी। बताया जा रहा है कि फरवरी से जारी ईरान युद्ध के चलते अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में लगातार उछाल बना हुआ है। इसी वजह से तेल कंपनियों ने बढ़ती लागत का कुछ हिस्सा उपभोक्ताओं पर डालने का फैसला लिया है।

सूत्रों के मुताबिक, पश्चिम बंगाल सहित कुछ राज्यों में विधानसभा चुनावों के दौरान तेल कंपनियों ने ईंधन के दाम स्थिर रखे थे। अब चुनाव प्रक्रिया खत्म होने के बाद कीमतों में लगातार संशोधन किया जा रहा है।

उधर, पेट्रोल और डीजल के साथ-साथ सीएनजी की कीमतों में भी बढ़ोतरी जारी है। दिल्ली और मुंबई समेत कई शहरों में 15 मई को सीएनजी के दाम दो रुपये प्रति किलोग्राम बढ़ाए गए थे, जबकि रविवार को फिर एक रुपये प्रति किलोग्राम की वृद्धि कर दी गई।

राज्यों में वैट की दरें अलग-अलग होने के कारण पेट्रोल, डीजल और सीएनजी की कीमतें भी अलग-अलग बनी हुई हैं।