रायपुर, 20 मई। छत्तीसगढ़ के लोक निर्माण विभाग (PWD) के सचिव मुकेश कुमार बंसल ने मंगलवार को नवा रायपुर स्थित निर्माणाधीन ‘लोकभवन’ (राजभवन) और नए विधानसभा भवन का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने निर्माण कार्यों की प्रगति का जायजा लेते हुए अधिकारियों और निर्माण एजेंसियों को कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान श्री बंसल ने लोकभवन परिसर के ले-आउट और फ्लोर प्लान की विस्तार से जानकारी ली। उन्होंने कहा कि लोकभवन का निर्माण राज्यपाल की गरिमा के अनुरूप उत्कृष्ट गुणवत्ता के साथ किया जाए। साथ ही भवन के सौंदर्य, प्राकृतिक रोशनी और उपयोगिता को ध्यान में रखते हुए सभी कार्यों को पूर्ण करने के निर्देश दिए।
उन्होंने सभा-भवनों, कार्यालयीन कक्षों और बैठक व्यवस्थाओं को पहले से तय कर उसी अनुरूप निर्माण कार्य करने पर जोर दिया। निर्माण में लगी विभिन्न एजेंसियों से कार्य प्रगति की जानकारी लेते हुए उन्होंने सभी कार्य जल्द पूरा कर विभाग को हैंडओवर करने को कहा।
इसके बाद सचिव ने नए विधानसभा भवन का भी विस्तृत निरीक्षण किया। उन्होंने प्रवेश द्वार, सदन, अधिकारी दीर्घा, लॉबी, डाइनिंग एरिया, मीडिया ब्रीफिंग एरिया, समिति कक्ष, मुख्यमंत्री कार्यालय, विधानसभा अध्यक्ष कार्यालय, उपमुख्यमंत्रियों और मंत्रियों के कार्यालयों सहित अन्य व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने सभी कार्यालयों में पर्याप्त फर्नीचर और बेहतर बैठक व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
श्री बंसल ने अधिकारियों को आगामी मानसून सत्र से पहले भवन में मौजूद सभी कमियों और तकनीकी खामियों को दूर करने के निर्देश भी दिए। उन्होंने विधानसभा को पूरी तरह ‘पेपरलेस’ बनाने के लिए तकनीकी कार्यों में तेजी लाने पर जोर देते हुए लोक निर्माण विभाग और CHiPS के अधिकारियों को बेहतर समन्वय के साथ काम करने को कहा।
उन्होंने आवश्यक हार्डवेयर, सॉफ्टवेयर और अन्य तकनीकी व्यवस्थाओं की समीक्षा करते हुए इस वर्ष के शीतकालीन सत्र तक सभी व्यवस्थाएं पूर्ण करने के निर्देश दिए। साथ ही हर पखवाड़े प्रगति की समीक्षा करने को भी कहा।
निरीक्षण के दौरान विधानसभा परिसर में पर्याप्त पार्किंग व्यवस्था विकसित करने तथा वाहन चालकों के लिए सुविधायुक्त कक्ष बनाने के निर्देश भी दिए गए। इसके अलावा प्रवेश द्वार क्रमांक-3 में आगंतुकों के लिए प्रतीक्षालय और विधानसभा ड्यूटी में तैनात अधिकारियों-कर्मचारियों के लिए कैन्टीन निर्माण का सुझाव भी दिया गया।
इस अवसर पर लोक निर्माण विभाग के प्रमुख अभियंता वी.के. भतपहरी, अपर सचिव एस.एन. श्रीवास्तव, मुख्य अभियंता टी.आर. कुंजाम, अधीक्षण अभियंता डी.के. नेताम और कार्यपालन अभियंता अभिनव श्रीवास्तव भी उपस्थित रहे।




