होम छत्तीसगढ़ पेट्रोल-डीजल की कीमतों में लगातार बढ़ोतरी पर कांग्रेस का हमला

पेट्रोल-डीजल की कीमतों में लगातार बढ़ोतरी पर कांग्रेस का हमला

0

रायपुर 23 मई।छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने पेट्रोल और डीजल की कीमतों में लगातार हो रही बढ़ोतरी को लेकर केंद्र सरकार पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि बीते 10 दिनों में तीसरी बार ईंधन के दाम बढ़ाए गए हैं, जिससे आम जनता पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ रहा है।

     श्री बैज ने आज यहां जारी बयान में आरोप लगाया कि पेट्रोल पर 87 पैसे और डीजल पर 91 पैसे की बढ़ोतरी की गई है। उन्होंने कहा कि इससे पहले भी दो चरणों में कीमतें बढ़ाई जा चुकी हैं और कुल मिलाकर करीब 5 रुपये प्रति लीटर तक वृद्धि हो चुकी है। बैज ने दावा किया कि केंद्र सरकार आगे भी ईंधन के दाम बढ़ाने की तैयारी में है।

     उन्होंने कहा कि पेट्रोल-डीजल की कमी का माहौल जानबूझकर बनाया गया, ताकि बाद में कीमतें बढ़ाने का रास्ता तैयार किया जा सके। बैज के मुताबिक प्रधानमंत्री की अपील के बाद लोगों में ईंधन संकट का डर पैदा हुआ, जिसके कारण कई पेट्रोल पंपों पर लंबी कतारें देखने को मिलीं। उन्होंने यह भी कहा कि शहरों के बाहरी इलाकों में अब भी कई पेट्रोल पंपों पर डीजल की उपलब्धता प्रभावित है।

    श्री बैज ने बढ़ती महंगाई, बेरोजगारी और ईंधन संकट को लेकर भी केंद्र सरकार की नीतियों पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि आम जनता पहले से महंगाई की मार झेल रही है और लगातार बढ़ते पेट्रोल-डीजल के दामों से परिवहन से लेकर रोजमर्रा की वस्तुओं तक की कीमतें प्रभावित होंगी।

   कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने प्रधानमंत्री के विदेश दौरे पर भी टिप्पणी करते हुए कहा कि देश में आर्थिक चुनौतियां बढ़ रही हैं, लेकिन सरकार जनता की समस्याओं पर ध्यान देने के बजाय दूसरी गतिविधियों में व्यस्त दिखाई दे रही है।