होम छत्तीसगढ़ समरस संस्थान की नवगठित प्रदेश इकाई का शपथ ग्रहण समारोह संपन्न

समरस संस्थान की नवगठित प्रदेश इकाई का शपथ ग्रहण समारोह संपन्न

0

राजनांदगांव, 26 मई। छत्तीसगढ़ की साहित्यिक एवं सांस्कृतिक नगरी राजनांदगांव में समरस संस्थान साहित्य सृजन भारत की नवगठित छत्तीसगढ़ प्रदेश इकाई का शपथ ग्रहण समारोह गरिमामय वातावरण में आयोजित किया गया।

       समारोह में नगर निगम राजनांदगांव के महापौर एवं पूर्व सांसद मधुसूदन यादव मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। कार्यक्रम की अध्यक्षता डॉ. मुकेश कुमार व्यास ‘स्नेहिल’ ने की।समारोह में पद्मश्री सम्मानित समाजसेवी फुलबासन यादव और डॉ. पुखराज बाफना अति विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ के विभिन्न जिलों से बड़ी संख्या में साहित्यकार, पत्रकार, सामाजिक कार्यकर्ता और प्रबुद्ध नागरिक शामिल हुए।

       मुख्य अतिथि मधुसूदन यादव ने अपने संबोधन में कहा कि सच्चा साहित्यकार अपनी रचनाओं के माध्यम से समाज को सही दिशा प्रदान करता है। उन्होंने कहा कि साहित्य सृजन वास्तव में मां सरस्वती की उपासना है तथा श्रेष्ठ साहित्य जीवन के यथार्थ को संवेदनशीलता के साथ अभिव्यक्त करता है। उन्होंने नवगठित प्रदेश इकाई के पदाधिकारियों को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।

       इस अवसर पर महापौर मधुसूदन यादव ने राजनांदगांव के सृजन संवाद भवन में एयर कंडीशनर लगवाने तथा अप्रैल 2028 में आयोजित होने वाले समरस संस्थान साहित्य सृजन भारत के राष्ट्रीय अधिवेशन के लिए ऑडिटोरियम नि:शुल्क उपलब्ध कराने की घोषणा की। साथ ही उन्होंने सृजन संवाद भवन परिसर में नलकूप में फंसे पाइप को निकलवाने और सबमर्सिबल पंप लगवाने का आश्वासन भी दिया।

       समारोह की अध्यक्षता करते हुए डॉ. मुकेश कुमार व्यास ‘स्नेहिल’ ने छत्तीसगढ़ प्रदेश इकाई सहित राजनांदगांव, बालोद, दुर्ग, मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी तथा खैरागढ़-छुईखदान-गंडई इकाइयों के मनोनीत पदाधिकारियों को शपथ दिलाई। उन्होंने संस्थान के उद्देश्यों पर प्रकाश डालते हुए बताया कि समरस संस्थान भारत के 19 राज्यों और विश्व के 4 देशों में सक्रिय है तथा इसके 42 हजार से अधिक सदस्य हैं। संस्थान साहित्यिक एवं सांस्कृतिक गतिविधियों के साथ-साथ समाज सेवा के कार्यों में भी सक्रिय भूमिका निभा रहा है। उन्होंने हिंदी को राष्ट्रभाषा का दर्जा दिलाने के लिए चलाए जा रहे प्रयासों की भी जानकारी दी।

       कार्यक्रम को फुलबासन यादव और डॉ. पुखराज बाफना ने भी संबोधित किया। समारोह का संचालन साहित्यकार, छत्तीसगढ़ी फिल्म अभिनेता एवं समरस संस्थान साहित्य सृजन भारत के राष्ट्रीय संगठन मंत्री डॉ. गजेन्द्र हरिहरनो ‘दीप’ ने किया।

      कार्यक्रम की शुरुआत अतिथियों द्वारा पूजन-अर्चन एवं दीप प्रज्वलन के साथ हुई। स्वागत भाषण प्रोफेसर डॉ. चंद्रशेखर शर्मा ने दिया, जबकि आभार प्रदर्शन प्रांतीय उपाध्यक्ष डॉ. इकबाल खान ‘तन्हा’ ने किया। समारोह में कवियों ने विभिन्न विषयों पर काव्य पाठ भी प्रस्तुत किया।

       आयोजन के दौरान संस्थान की ई-पत्रिका, रक्तदान विषयक रचनाओं के संकलन, गायत्री साहू ‘शिवांगी’ के समरस गीत के यूट्यूब संस्करण तथा प्रीतम कोठारी ‘समीर’ की रचना का विमोचन भी किया गया। कार्यक्रम में प्रदेशभर के साहित्यकारों, पत्रकारों और सामाजिक कार्यकर्ताओं की उल्लेखनीय उपस्थिति रही।