रायपुर, 26 मई। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के वरिष्ठ स्वयंसेवक, भारतीय जनता पार्टी के पूर्व संगठन मंत्री एवं छत्तीसगढ़ योग आयोग के अध्यक्ष रूपनारायण सिन्हा के आकस्मिक निधन पर गहरा दुःख व्यक्त किया है। उन्होंने इस क्षति को भाजपा परिवार, संगठन और पूरे प्रदेश के लिए अपूरणीय बताया।
मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि श्री सिन्हा ने संगठन निर्माण, जनसेवा तथा भारतीय संस्कृति और योग के प्रचार-प्रसार में महत्वपूर्ण योगदान दिया। उनका अनुशासित, समर्पित और सेवाभावी जीवन समाज के लिए हमेशा प्रेरणादायी रहेगा।
उन्होंने कहा कि प्रशिक्षण महाअभियान जैसे अहम संगठनात्मक कार्यक्रम के दौरान अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करते हुए उनका अचानक निधन होना अत्यंत दुखद और पीड़ादायक है। संगठन और समाज के प्रति उनकी निष्ठा एवं समर्पण को लंबे समय तक याद किया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने ईश्वर से दिवंगत आत्मा की शांति तथा शोकाकुल परिजनों, समर्थकों और शुभचिंतकों को इस कठिन समय में संबल प्रदान करने की प्रार्थना की है।




