होम छत्तीसगढ़ प्रधानमंत्री मोदी के 12 वर्ष पूर्ण होने पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने...

प्रधानमंत्री मोदी के 12 वर्ष पूर्ण होने पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने दी बधाई

0

रायपुर, 26 मई। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के ‘प्रधान सेवक’ के रूप में राष्ट्रसेवा, सुशासन और जनकल्याण को समर्पित 12 सफल वर्ष पूर्ण होने पर उन्हें हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं।

     मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दूरदर्शी, निर्णायक और जनकेंद्रित नेतृत्व में देश ने विकास, सुरक्षा, आत्मनिर्भरता और वैश्विक प्रतिष्ठा के क्षेत्र में नई ऊंचाइयों को हासिल किया है। उन्होंने कहा कि पिछले 12 वर्षों में प्रधानमंत्री मोदी ने शासन की कार्यशैली को बदलते हुए सेवा, सुशासन और अंत्योदय की भावना को केंद्र में रखा तथा विकास की योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का कार्य किया।

      मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर जारी अपने संदेश में कहा कि गरीब, किसान, महिला, युवा, वंचित एवं जनजातीय समाज के उत्थान का प्रधानमंत्री मोदी का संकल्प आज देशभर में सकारात्मक बदलाव के रूप में दिखाई दे रहा है। उन्होंने कहा कि मजबूत अर्थव्यवस्था, आधुनिक अधोसंरचना, डिजिटल क्रांति, राष्ट्रीय सुरक्षा और सामाजिक समावेशन के क्षेत्र में भारत ने उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल की हैं तथा विकसित भारत @2047 का संकल्प जनभागीदारी के साथ आगे बढ़ रहा है।

    मुख्यमंत्री श्री साय ने छत्तीसगढ़ के संदर्भ में प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व को विशेष रूप से प्रेरणादायी बताते हुए कहा कि वर्षों तक नक्सल हिंसा से प्रभावित रहे बस्तर और वनांचल क्षेत्रों में अब विकास और जनकल्याण की नई तस्वीर दिखाई दे रही है। सड़क, स्वास्थ्य, शिक्षा, मोबाइल कनेक्टिविटी, बैंकिंग सुविधाओं और शासकीय योजनाओं की पहुंच दूरस्थ आदिवासी इलाकों तक सुनिश्चित हुई है।

     उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना, आयुष्मान भारत, उज्ज्वला योजना, हर घर जल, जन-धन योजना और डिजिटल इंडिया जैसी योजनाओं ने गरीबों, किसानों, महिलाओं और युवाओं के जीवन में आशा, सम्मान और आत्मविश्वास का नया संचार किया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने ‘सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास’ के मंत्र को व्यवहारिक रूप देकर देश को विकास और सामाजिक समावेशन की दिशा में तेजी से आगे बढ़ाया है।

     श्री साय ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का नेतृत्व भारत को आर्थिक रूप से मजबूत बनाने के साथ-साथ सांस्कृतिक आत्मगौरव, राष्ट्रीय एकता और जनभागीदारी को भी नई ऊर्जा प्रदान कर रहा है। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ सरकार प्रधानमंत्री के मार्गदर्शन में सुशासन, जनकल्याण और अंत्योदय के संकल्प को आगे बढ़ाने के लिए प्रतिबद्ध है।