सूरजपुर, 26 मई। छत्तीसगढ़ के सूरजपुर जिले में स्थित विश्रामपुर थाने के सामने कांग्रेस का धरना प्रदर्शन लगातार जारी है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज सोमवार शाम से आमरण अनशन पर बैठे हुए हैं। आंदोलन को समर्थन देने के लिए पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल, पूर्व उप मुख्यमंत्री टी.एस. सिंहदेव समेत कांग्रेस के कई वरिष्ठ नेता सूरजपुर पहुंचे।
कांग्रेस का आरोप है कि शिवनंदनपुर नगर पंचायत चुनाव को प्रभावित करने के उद्देश्य से भाजपा सरकार के दबाव में जिला कांग्रेस कमेटी के महामंत्री नरेंद्र जैन के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत झूठा मामला दर्ज किया गया है। इसी के विरोध में कांग्रेस कार्यकर्ता विश्रामपुर थाने के सामने धरना दे रहे हैं।
मामले को लेकर कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल ने राज्य चुनाव आयोग से भी मुलाकात कर संबंधित थाना प्रभारी को निलंबित करने और निष्पक्ष कार्रवाई की मांग की है।
धरना स्थल पर पहुंचे भूपेश बघेल ने आंदोलन को समर्थन देते हुए शिवनंदनपुर नगर पंचायत क्षेत्र में रोड शो करने की भी घोषणा की। वहीं टी.एस. सिंहदेव ने भी दीपक बैज के साथ आमरण अनशन में शामिल होने का फैसला लिया है।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने कहा कि भाजपा को चुनाव में हार का अंदेशा है, इसलिए सत्ता का दुरुपयोग किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस लोकतंत्र विरोधी कदमों का मजबूती से विरोध करेगी। बैज ने आरोप लगाया कि 24 घंटे से अधिक समय बीत जाने के बावजूद सरकार की ओर से कोई प्रतिक्रिया नहीं आई है, जिसके कारण कांग्रेस ने अनिश्चितकालीन आंदोलन और आमरण अनशन का रास्ता अपनाया है।
उन्होंने मांग की कि कांग्रेस नेता नरेंद्र जैन पर दर्ज एफआईआर को तत्काल निरस्त किया जाए, आर्म्स एक्ट की धाराएं हटाई जाएं तथा मामले में दोषी पुलिस अधिकारी पर कड़ी कार्रवाई की जाए।
धरना प्रदर्शन में पूर्व मंत्री प्रेमसाय सिंह टेकाम, अमरजीत भगत, प्रदेश कांग्रेस प्रभारी महामंत्री मलकीत सिंह गैदू, पूर्व विधायक अंबिका सिंह, गुलाब कमरो, पारसनाथ राजवाड़े, जिला अध्यक्ष शशि सिंह, बालकृष्ण पाठक सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।




