होम छत्तीसगढ़ फर्जी PA बनकर भाजपा विधायक से ठगी करने वाला आरोपी ओडिशा से...

फर्जी PA बनकर भाजपा विधायक से ठगी करने वाला आरोपी ओडिशा से गिरफ्तार

0

रायपुर, 27 मई।छत्तीसगढ़ के भाजपा विधायक पुरंदर मिश्रा से खुद को भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन का निजी सहायक (PA) बताकर पैसे मांगने वाले आरोपी सहदेव मलिक को पुलिस ने ओडिशा से गिरफ्तार कर लिया है।

    जानकारी के मुताबिक आरोपी सहदेव मलिक ने विधायक पुरंदर मिश्रा को फोन कर खुद को नितिन नवीन का PA बताया। उसने भुवनेश्वर यात्रा के दौरान परेशानी में फंसने की कहानी सुनाई और पहले 4,500 रुपये की मदद मांगी। बातचीत के दौरान भरोसा जीतते हुए आरोपी ने कुल 10 हजार रुपये अपने खाते में ट्रांसफर करवा लिए।

     बताया जा रहा है कि आरोपी ने सोशल मीडिया पर भाजपा नेताओं के साथ तस्वीरें भी लगा रखी थीं, जिससे उसकी बातों पर आसानी से विश्वास हो गया। विधायक ने जगन्नाथ मंदिर के सेवक नारायण मिश्रा के माध्यम से आरोपी के खाते में रकम भेजी थी।

     करीब डेढ़ घंटे बाद आरोपी ने फिर से पैसों की मांग की, जिसके बाद विधायक को शक हुआ। जब उन्होंने नितिन नवीन के कार्यालय से संपर्क कर जानकारी ली तो पता चला कि उस नाम का कोई PA मौजूद ही नहीं है।

      मामले की पुष्टि होने के बाद खम्हारडीह थाने में एफआईआर दर्ज कराई गई। पुलिस ने मोबाइल नंबर, बैंक खाते और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर जांच शुरू की। जांच में आरोपी की लोकेशन ओडिशा में मिलने पर पुलिस टीम ने दबिश देकर उसे गिरफ्तार कर लिया।