होम उत्तर प्रदेश बिजली संकट पर अखिलेश का बीजेपी सरकार पर हमला, बोले- ‘यूपी में...

बिजली संकट पर अखिलेश का बीजेपी सरकार पर हमला, बोले- ‘यूपी में महा विद्युत आपदा’

0

लखनऊ, 27 मई। समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव ने उत्तर प्रदेश में गहराते बिजली संकट को लेकर बीजेपी सरकार और मुख्यमंत्री पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने प्रदेश की स्थिति को ‘महा विद्युत आपदा’ बताते हुए कहा कि सरकार केवल समीक्षा बैठकों और दिखावटी इंतजामों तक सीमित होकर रह गई है, जबकि जनता भीषण बिजली कटौती और गर्मी से परेशान है।

     सपा अध्यक्ष ने तंज कसते हुए कहा कि शुक्र है मुख्यमंत्री ने अभी तक यह नहीं कहा कि बिजली संकट के पीछे ‘दिल्ली से भेजे गए किसी दूत’ की साजिश है। उन्होंने सवाल उठाया कि मुख्यमंत्री की बैठकों में बिजली मंत्री शामिल होते हैं या उन्हें बुलाया ही नहीं जाता, क्योंकि जनता ने दोनों नेताओं को कभी साथ नहीं देखा।

     अखिलेश यादव ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट करते हुए कहा कि अगर बिजली मंत्री बैठक में आते हैं तो मुख्यमंत्री उनके साथ तस्वीर साझा करें, ताकि जनता को भी दोनों के बीच ‘आपसी गर्मी’ का एहसास हो सके और शायद उससे कुछ राहत मिल जाए।

     उन्होंने आरोप लगाया कि बीजेपी शासन में बिजली उपकेंद्रों पर पीएसी तैनात करनी पड़ रही है और बीजेपी के विधायक-सांसद जनता के गुस्से से बचने के लिए अपनी ही सरकार को चिट्ठियां लिख रहे हैं। सपा प्रमुख ने कहा कि “बीजेपी में अब करंट नहीं रहा” और जनता आगामी चुनाव में पार्टी को सत्ता से बाहर कर देगी।

   सपा मुखिया ने आगे कहा कि बिजली संकट और अव्यवस्था से परेशान जनता जवाब मांग रही है, लेकिन बीजेपी के जनप्रतिनिधि जनता के बीच जाने के बजाय अपनी छवि बचाने में जुटे हैं। उन्होंने बीजेपी नेताओं पर अवसरवादी राजनीति करने का भी आरोप लगाया।