होम छत्तीसगढ़ विश्रामपुर धरना खत्म: दीपक बैज और टीएस सिंहदेव ने तोड़ा अनशन

विश्रामपुर धरना खत्म: दीपक बैज और टीएस सिंहदेव ने तोड़ा अनशन

0

सूरजपुर, 27 मई। छत्तीसगढ़ के सूरजपुर जिले के विश्रामपुर थाना के बाहर कांग्रेस का पिछले तीन दिनों से जारी धरना और आमरण अनशन बुधवार को समाप्त हो गया।

     प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज और पूर्व उपमुख्यमंत्री टीएस सिंहदेव ने एक-दूसरे को नारियल पानी पिलाकर अपना अनशन खत्म किया। इस दौरान बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौके पर मौजूद रहे।

     कांग्रेस नेताओं का प्रदर्शन बुधवार सुबह भी जारी था, लेकिन बाद में प्रशासन और कांग्रेस नेताओं के बीच बातचीत के बाद सहमति बन गई। इसके बाद पीसीसी अध्यक्ष दीपक बैज ने भूख हड़ताल समाप्त की, वहीं टीएस सिंहदेव ने भी अपना आमरण अनशन खत्म कर दिया।

    जानकारी के मुताबिक, कांग्रेस जिला उपाध्यक्ष नरेंद्र जैन की पत्नी द्वारा आवेदन दिए जाने के बाद पुलिस ने भाजपा कार्यकर्ता के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। प्रशासन की ओर से कांग्रेस नेताओं को भरोसा दिलाया गया कि नरेंद्र जैन की गिरफ्तारी जांच पूरी होने तक नहीं की जाएगी। साथ ही मामले के विवेचना अधिकारी को भी बदल दिया गया है।

     अब नरेंद्र जैन के खिलाफ दर्ज एफआईआर की जांच डीएसपी स्तर के अधिकारी द्वारा की जाएगी। हालांकि कांग्रेस नेता विश्रामपुर थाना प्रभारी पर कार्रवाई और नरेंद्र जैन के खिलाफ दर्ज आर्म्स एक्ट के मामले को वापस लेने की मांग पर अड़े हुए थे। बाद में दोनों पक्षों के बीच सहमति बनने के बाद आंदोलन समाप्त कर दिया गया।

   इससे पहले मंगलवार को पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल भी धरना स्थल पहुंचे थे। उन्होंने मंच से पुलिस अधिकारियों को चेतावनी देते हुए कहा था कि कांग्रेस की सरकार बनने पर ऐसे अधिकारियों और कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।