बिलासपुर, 27 मई। छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने भाजपा, आरएसएस और केंद्र सरकार पर तीखा राजनीतिक हमला बोला है।
विश्रामपुर में कांग्रेस के धरना-प्रदर्शन में शामिल होने के बाद बिलासपुर पहुंचे बघेल ने मीडिया से बातचीत में भाजपा नेताओं और मंत्रियों को लेकर विवादित टिप्पणी करते हुए कहा कि पार्टी में ऐसे कई लोग हैं जिन पर गौमांस सेवन के आरोप लग चुके हैं। उन्होंने केंद्रीय मंत्री किरन रिजिजू का नाम लेते हुए सवाल उठाया कि धर्म और संस्कृति की बात करने वाले लोग अपने सहयोगियों के आचरण पर क्यों नहीं बोलते।
आरएसएस प्रमुख मोहन भागवत पर निशाना साधते हुए बघेल ने कहा कि उन्होंने आज तक किसी सार्वजनिक मंच से संस्कृत का श्लोक तक नहीं बोला, फिर भी उन्हें धर्म का सबसे बड़ा संरक्षक बताया जाता है।
इसके साथ ही उन्होंने रामभद्राचार्य और धीरेंद्र शास्त्री परभी कटाक्ष किया। बघेल ने कहा कि यदि धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री लोगों की समस्याएं बता सकते हैं तो उन्हें पेट्रोल-डीजल की बढ़ती कीमतें कम कराने का भी प्रयास करना चाहिए।
पूर्व मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की विदेश नीति पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि जगद्गुरु रामभद्राचार्य अपनी “दिव्य दृष्टि” से यह भी बताएं कि प्रधानमंत्री मोदी अंतरराष्ट्रीय मंचों पर अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के सामने क्यों झुक जाते हैं।




