होम खास ख़बर कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्दारमैया ने दिया इस्तीफा, डीके शिवकुमार बन सकते हैं...

कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्दारमैया ने दिया इस्तीफा, डीके शिवकुमार बन सकते हैं नए सीएम

0

बेंगलुरु, 28 मई। कर्नाटक की राजनीति में गुरुवार को बड़ा घटनाक्रम सामने आया, जब मुख्यमंत्री सिद्दारमैया ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया।उन्होंने संवाददाता सम्मेलन में इसकी औपचारिक घोषणा की।

     सिद्दारमैया ने बताया कि उन्होंने लोकभवन जाकर राज्यपाल के सचिव को अपना इस्तीफा सौंप दिया है, क्योंकि राज्यपाल फिलहाल राज्य से बाहर हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस हाईकमान के निर्देश पर उन्होंने यह फैसला लिया है।

      मुख्यमंत्री ने उम्मीद जताई कि राज्यपाल जल्द ही उनका इस्तीफा स्वीकार करेंगे, जिससे नए मुख्यमंत्री के चयन की संवैधानिक प्रक्रिया आगे बढ़ सके। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के पास विधानसभा में पूर्ण बहुमत है और सरकार पूरी तरह स्थिर है।

      सिद्दारमैया ने अपने राजनीतिक सफर को याद करते हुए कहा कि उन्हें दो बार कर्नाटक के मुख्यमंत्री और दो बार विपक्ष के नेता के रूप में जनता की सेवा करने का अवसर मिला। उन्होंने कांग्रेस संसदीय दल की प्रमुख सोनिया गांधी, वरिष्ठ नेता राहुल गांधी और पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे का आभार व्यक्त किया। साथ ही पार्टी कार्यकर्ताओं और नेताओं के सहयोग के लिए भी धन्यवाद दिया।

     इस दौरान उपमुख्यमंत्री डीके शिवकुमार भी संवाददाता सम्मेलन में मौजूद रहे। लंबे समय से कर्नाटक में नेतृत्व परिवर्तन को लेकर चर्चाएं चल रही थीं और माना जा रहा है कि डीके शिवकुमार राज्य के अगले मुख्यमंत्री हो सकते हैं। हालांकि कांग्रेस की ओर से अभी तक नए मुख्यमंत्री के नाम की आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है।