गांधीनगर, 28 मई। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने देश में अवैध अप्रवास के खिलाफ केंद्र सरकार की सख्त नीति को दोहराते हुए कहा कि हर अवैध घुसपैठिए की पहचान कर उसे देश से बाहर भेजा जाएगा। उन्होंने कहा कि सरकार सीमा सुरक्षा को मजबूत करने और देश में अवैध अप्रवासन पर पूरी तरह रोक लगाने के लिए दृढ़ संकल्पित है।
श्री शाह गुरूवार को गांधीनगर लोकसभा क्षेत्र में करीब 340 करोड़ रुपये की विभिन्न विकास परियोजनाओं के उद्घाटन और शिलान्यास कार्यक्रम के बाद आयोजित जनसभा को संबोधित कर रहे थे। इस दौरान उन्होंने पश्चिम बंगाल सरकार द्वारा सीमा सुरक्षा बल (BSF) को 600 हेक्टेयर भूमि उपलब्ध कराने के निर्णय की सराहना करते हुए कहा कि इससे सीमा सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूती मिलेगी।
वीर सावरकर की जयंती पर उन्हें नमन करते हुए गृह मंत्री ने कहा कि वीर सावरकर का राष्ट्र के प्रति समर्पण, त्याग और योगदान हमेशा देशवासियों को प्रेरित करता रहेगा। उन्होंने कहा कि सावरकर ने मातृभूमि के लिए जो बलिदान दिया, वह भारतीय इतिहास में सदैव याद रखा जाएगा।
तीन दिवसीय गुजरात दौरे पर पहुंचे अमित शाह ने विभिन्न कॉर्पोरेट सामाजिक जिम्मेदारी (CSR) परियोजनाओं के तहत विकसित जनसुविधाओं का भी उद्घाटन किया। कार्यक्रम के तहत वे सोला स्थित माता उमिया धाम परिसर में नए छात्रावास भवन तथा अहमदाबाद के भीमजीपुरा क्षेत्र में ‘भारत माता स्क्वायर’ का उद्घाटन करेंगे।
इसके अलावा गृह मंत्री सर्किट हाउस में एक उच्च स्तरीय समीक्षा बैठक की अध्यक्षता भी करेंगे। बैठक में आगामी ओलंपिक, राष्ट्रमंडल खेलों तथा विश्व पुलिस एवं अग्निशमन खेलों के लिए तैयार किए जा रहे बुनियादी ढांचे और व्यवस्थाओं की समीक्षा की जाएगी।




