होम ब्रेकिंग न्यूज एक भी परीक्षा निष्पक्ष ढंग से नहीं करा पा रही सरकार –...

एक भी परीक्षा निष्पक्ष ढंग से नहीं करा पा रही सरकार – राहुल गांधी

0

नई दिल्ली, 30 मई। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने केंद्र सरकार और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी पर देश की शिक्षा व्यवस्था को लेकर तीखा हमला बोला है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार एक ओर भारत को “विश्वगुरु” बनाने का दावा करती है, वहीं दूसरी ओर प्रमुख प्रतियोगी और प्रवेश परीक्षाओं का निष्पक्ष एवं व्यवस्थित संचालन करने में विफल साबित हो रही है।

    राहुल गांधी की यह प्रतिक्रिया उस समय आई है जब राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (एनटीए) ने स्वीकार किया कि सामान्य विश्वविद्यालय प्रवेश परीक्षा-स्नातक (CUET-UG 2026) के आयोजन के दौरान शनिवार को देश के कुछ परीक्षा केंद्रों पर तकनीकी खराबी के कारण परीक्षार्थियों को परेशानी का सामना करना पड़ा और परीक्षा शुरू होने में देरी हुई।

     कांग्रेस नेता ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर पोस्ट करते हुए कहा कि हाल के वर्षों में आयोजित कई महत्वपूर्ण परीक्षाओं में लगातार गड़बड़ियां सामने आई हैं। उन्होंने लिखा, “नीट, सीबीएसई, एसएससी और आज सीयूईटी। चार परीक्षाएं, एक करोड़ बच्चे और एक भी परीक्षा ईमानदारी से नहीं हो पाई।”

    राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी पर निशाना साधते हुए कहा कि सरकार के दावे और जमीनी हकीकत में बड़ा अंतर है। उन्होंने कहा, “दावे विश्वगुरु के, लेकिन देश में एक परीक्षा नहीं करवा सकते। मोदी जी ने पूरी शिक्षा व्यवस्था तबाह कर दी है।”

    कांग्रेस सांसद ने आगे कहा कि जिन युवाओं और छात्रों का भविष्य प्रभावित हो रहा है, वही आने वाले समय में सरकार से जवाब मांगेंगे। उन्होंने अपने संदेश में कहा, “जिस पीढ़ी का भविष्य आप बर्बाद कर रहे हैं, वही पीढ़ी आपका हिसाब करेगी।”

    गौरतलब है कि CUET-UG देशभर के केंद्रीय विश्वविद्यालयों और कई अन्य उच्च शिक्षण संस्थानों में स्नातक पाठ्यक्रमों में प्रवेश के लिए आयोजित की जाने वाली प्रमुख परीक्षा है। परीक्षा के दौरान तकनीकी समस्याओं की शिकायतों के बाद एनटीए ने स्थिति पर नजर रखने और प्रभावित केंद्रों पर आवश्यक कदम उठाने की बात कही है।