(सन्तोष यादव)
सुलतानपुर 05 जून।उत्तरप्रदेश में सुलतानपुर जिले के धम्मौर थाना क्षेत्र में नौकरी दिलाने के नाम पर दो युवकों से करीब सात लाख रुपये की ठगी का मामला प्रकाश में आया है। उत्तर प्रदेश के उच्चाधिकारियों से गहरी पहुंच होने का दावा कर एक महिला ने दोनों युवकों को सरकारी नौकरी दिलाने का भरोसा दिया और उनसे लाखों रुपये ऐंठ लिए।
पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर धम्मौर पुलिस ने आरोपी महिला के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पीड़ित प्रमोद शर्मा, निवासी विकना थाना धम्मौर, ने पुलिस को दी गई शिकायत में बताया कि वह पूर्व में पंजाब में नौकरी करते थे। इसी दौरान उनकी पहचान जालंधर के करतारपुर क्षेत्र की रहने वाली पनिका मेहरा पत्नी समीर सोट्टा से हुई थी। महिला ने स्वयं को प्रभावशाली बताते हुए दावा किया कि उसकी उत्तर प्रदेश के उच्च अधिकारियों तक सीधी पहुंच है और वह नौकरी दिलवा सकती है। महिला के झांसे में आकर प्रमोद शर्मा ने अपने साथ-साथ अपने मित्र रामचन्द्र मौर्य, निवासी सैफुल्लागंज थाना गोसाईगंज, के लिए भी कुल सात लाख रुपये दे दिए।
आरोप है कि रकम लेने के बावजूद न तो नौकरी मिली और न ही पैसा वापस किया गया। जब काफी समय बीतने के बाद भी कोई परिणाम नहीं निकला तो दोनों युवकों को ठगी का एहसास हुआ। इसके बाद प्रमोद शर्मा ने साइबर सेल में शिकायत दर्ज कराई। शिकायत पर कार्रवाई करते हुए आरोपी महिला का बैंक खाता सीज किया गया था, लेकिन पीड़ितों का आरोप है कि बाद में खाता दोबारा संचालित होने लगा और उन्हें उनकी रकम वापस नहीं मिली।
पीड़ित का यह भी कहना है कि पैसे की मांग करने पर आरोपी पक्ष की ओर से अभद्र भाषा और धमकियों का सामना करना पड़ा। करीब दो वर्षों से न्याय की उम्मीद में भटक रहे पीड़ितों की शिकायत पर आखिरकार पुलिस अधीक्षक के निर्देश के बाद मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच शुरू कर दी गई है और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।




