होम ब्रेकिंग न्यूज बीजेपी की नीतियों के खिलाफ कांग्रेस का राष्ट्रव्यापी विरोध अभियान जल्द

बीजेपी की नीतियों के खिलाफ कांग्रेस का राष्ट्रव्यापी विरोध अभियान जल्द

0

नई दिल्ली, 11 जून। कांग्रेस ने महंगाई, बेरोजगारी, नीट परीक्षा विवाद, शिक्षा व्यवस्था और राज्यसभा चुनावों में कथित अनियमितताओं को लेकर केंद्र सरकार के खिलाफ देशव्यापी जनआंदोलन छेड़ने का फैसला किया है। पार्टी ने घोषणा की है कि अगले कुछ दिनों में इस राष्ट्रव्यापी अभियान की विस्तृत रूपरेखा जारी की जाएगी।

     कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे की अध्यक्षता में गुरुवार को यहां पार्टी के सभी प्रदेश अध्यक्षों, महासचिवों और राज्य प्रभारियों की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित हुई। बैठक में लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी, महासचिव प्रियंका गांधी, संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल और वरिष्ठ नेता जयराम रमेश सहित कई प्रमुख नेता मौजूद रहे।

     बैठक के बाद मीडिया को संबोधित करते हुए कांग्रेस महासचिव केसी वेणुगोपाल ने कहा कि मध्य प्रदेश और झारखंड के राज्यसभा चुनावों में जो घटनाक्रम सामने आया है, वह लोकतांत्रिक व्यवस्था के लिए गंभीर चिंता का विषय है। उन्होंने आरोप लगाया कि मध्य प्रदेश से कांग्रेस उम्मीदवार मीनाक्षी नटराजन का नामांकन निरस्त कर दिया गया, जबकि उनके खिलाफ कोई मामला लंबित नहीं था। वहीं झारखंड में भाजपा समर्थित उम्मीदवार का नामांकन कई आपत्तियों के बावजूद स्वीकार किया गया। कांग्रेस ने इसे लोकतंत्र के साथ अन्याय और “सीट चोरी” करार दिया है।

     वेणुगोपाल ने बताया कि पार्टी इस मामले में राजनीतिक और कानूनी दोनों स्तरों पर संघर्ष करेगी। उन्होंने कहा कि बैठक में देश में बढ़ती महंगाई, बेरोजगारी और युवाओं से जुड़े मुद्दों पर भी गंभीर चर्चा हुई।

      कांग्रेस नेता ने आरोप लगाया कि पेट्रोल, डीजल और रसोई गैस की कीमतों में लगातार वृद्धि से आम जनता परेशान है, जबकि सरकार इस दिशा में कोई प्रभावी कदम नहीं उठा रही है। उन्होंने कहा कि बेरोजगारी अपने उच्चतम स्तर पर पहुंच चुकी है और सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्योग (एमएसएमई) क्षेत्र गंभीर संकट से गुजर रहा है।

      शिक्षा से जुड़े मुद्दों का उल्लेख करते हुए वेणुगोपाल ने कहा कि नीट परीक्षा और सीबीएसई की मूल्यांकन प्रणाली से बड़ी संख्या में छात्र एवं उनके परिवार प्रभावित हुए हैं। इसके बावजूद केंद्र सरकार नैतिक जिम्मेदारी लेने से बच रही है।

     उन्होंने कहा कि कांग्रेस का प्रस्तावित राष्ट्रव्यापी अभियान राष्ट्रीय स्तर के साथ-साथ राज्य, जिला और ब्लॉक स्तर तक संचालित किया जाएगा। पार्टी कार्यकर्ता और नेता सीधे जनता के बीच जाकर उनकी समस्याओं को समझेंगे और उनकी आवाज को राष्ट्रीय मंच तक पहुंचाने का प्रयास करेंगे।

     वेणुगोपाल ने कहा कि कांग्रेस का मुख्य उद्देश्य महंगाई, बेरोजगारी, शिक्षा संकट और लोकतांत्रिक संस्थाओं से जुड़े मुद्दों पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की जवाबदेही सुनिश्चित करना है। उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं से जनहित के मुद्दों को लेकर सड़कों पर उतरने और व्यापक जनसंपर्क अभियान चलाने का आह्वान किया।

   गौरतलब है कि हालिया विधानसभा चुनावों के बाद कांग्रेस महासचिवों, प्रदेश प्रभारियों और राज्य इकाइयों के अध्यक्षों की यह पहली संयुक्त बैठक थी, जिसमें आगामी राजनीतिक रणनीति और जनआंदोलन की रूपरेखा पर व्यापक चर्चा की गई।