(सन्तोष यादव)
सुलतानपुर 12 जून। पुलिस लाइन्स परिसर में शुक्रवार को खेल प्रतिभाओं के उत्साह और जोश से सराबोर नजर आया, जब 27वीं अंतर-जनपदीय (लखनऊ जोन) वॉलीबॉल एवं सेपक टकरा प्रतियोगिता-2026 का भव्य शुभारंभ हुआ।
तीन दिवसीय इस प्रतियोगिता का उद्घाटन जिलाधिकारी इंद्रजीत सिंह ने खिलाड़ियों का परिचय प्राप्त कर और उनका उत्साहवर्धन करते हुए किया। प्रतियोगिता के दौरान विभिन्न जनपदों के खिलाड़ी अपनी खेल क्षमता का प्रदर्शन कर खिताब पर कब्जा जमाने के लिए जोर आजमाइश करते नजर आए।इस जोनल प्रतियोगिता की मेजबानी इस बार सुलतानपुर पुलिस कर रही है। प्रतियोगिता के आयोजन सचिव की जिम्मेदारी भी पुलिस अधीक्षक चारू निगम स्वयं निभा रही हैं। उद्घाटन समारोह में खिलाड़ियों और अधिकारियों के बीच खेल भावना का उत्साह साफ दिखाई दिया।
पुलिस अधीक्षक श्रीमती निगम ने बताया कि उत्तर प्रदेश स्पोर्ट्स कंट्रोल बोर्ड के वार्षिक कैलेंडर के तहत आयोजित इस प्रतियोगिता में लखनऊ जोन के नौ जनपदों की टीमें भाग ले रही हैं। महिला और पुरुष वर्ग की प्रतियोगिताओं में करीब 110 खिलाड़ी अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे। खिलाड़ियों की सुविधा और प्रतियोगिता के सुचारू संचालन के लिए पुलिस लाइन्स में विशेष कोर्ट और अन्य व्यवस्थाएं की गई हैं। वॉलीबॉल और सेपक टकरा के मुकाबले आगामी तीन दिनों तक रोमांचक माहौल में खेले जाएंगे, जबकि प्रतियोगिता का समापन रविवार को होगा।
उद्घाटन अवसर पर पुलिस विभाग के वरिष्ठ अधिकारी, खेल प्रेमी और बड़ी संख्या में प्रतिभागी मौजूद रहे। आयोजन का उद्देश्य पुलिस कर्मियों और खिलाड़ियों में खेल भावना, अनुशासन, टीमवर्क तथा शारीरिक फिटनेस को बढ़ावा देना है।




