होम ब्रेकिंग न्यूज मीनाक्षी नटराजन का नामांकन रद्द होना लोकतंत्र पर हमला, मोदी पर खड़गे...

मीनाक्षी नटराजन का नामांकन रद्द होना लोकतंत्र पर हमला, मोदी पर खड़गे का बड़ा आरोप

0

नई दिल्ली, 12 जून। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने मध्य प्रदेश से कांग्रेस की राज्यसभा उम्मीदवार मीनाक्षी नटराजन का नामांकन रद्द किए जाने को गैरकानूनी और लोकतांत्रिक मूल्यों के खिलाफ करार दिया है। उन्होंने आरोप लगाया कि इस तरह की कार्रवाई प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की जानकारी या सहमति के बिना संभव नहीं है।

     श्री खड़गे ने कहा कि केंद्र सरकार कांग्रेस और लोकतांत्रिक संस्थाओं को कमजोर करने की कोशिश कर रही है। उनके अनुसार, सरकार राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) से जुड़े लोगों को महत्वपूर्ण पदों पर नियुक्त कर नियमों और प्रक्रियाओं की अनदेखी करवा रही है।

     कांग्रेस अध्यक्ष ने दावा किया कि इसी तरह की स्थिति झारखंड में भी देखने को मिली। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा समर्थित राज्यसभा उम्मीदवार परिमल नाथवानी को नामांकन पत्र में हुई त्रुटियों को सुधारने के लिए पर्याप्त समय दिया गया, जबकि कांग्रेस उम्मीदवार के नामांकन को तत्काल प्रभाव से निरस्त कर दिया गया।

     खड़गे ने चुनाव प्रक्रिया की निष्पक्षता पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि ऐसे घटनाक्रम यह संकेत देते हैं कि चुनाव आयोग निष्पक्ष तरीके से कार्य नहीं कर रहा है। उन्होंने सरकार से लोकतांत्रिक संस्थाओं की स्वतंत्रता और निष्पक्षता बनाए रखने की अपील की।

     कांग्रेस ने स्पष्ट किया है कि वह इस मुद्दे को राजनीतिक और कानूनी दोनों स्तरों पर उठाएगी तथा लोकतांत्रिक अधिकारों की रक्षा के लिए संघर्ष जारी रखेगी।