नई दिल्ली, 12 जून। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने एक वाणिज्यिक जहाज पर अमेरिकी हमले में तीन भारतीय नागरिकों की मौत के मुद्दे को लेकर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की आलोचना की है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार इस गंभीर घटना पर पर्याप्त प्रतिक्रिया देने में विफल रही है।
राहुल गांधी ने शुक्रवार को सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर जारी अपने बयान में कहा कि अंतरराष्ट्रीय जलक्षेत्र में पिछले कुछ दिनों के दौरान तीन जहाजों पर हुए अमेरिकी हमलों में तीन भारतीय नागरिकों की जान चली गई, लेकिन इस मामले पर प्रधानमंत्री की ओर से कोई सार्वजनिक प्रतिक्रिया नहीं आई। उन्होंने सवाल उठाया कि जब किसी विदेशी शक्ति की कार्रवाई में भारतीयों की मौत होती है, तब देश के प्रधानमंत्री को स्पष्ट रूप से अपनी बात रखनी चाहिए।
कांग्रेस नेता ने कहा कि सरकार को भारतीय नागरिकों की सुरक्षा और सम्मान के मुद्दे पर मजबूती से आवाज उठानी चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री इस मामले में चुप्पी साधे हुए हैं और जिम्मेदार पक्षों के खिलाफ खुलकर बोलने से बच रहे हैं।
राहुल गांधी ने आगामी जी 7 सम्मेलन का भी उल्लेख करते हुए कहा कि भारतीय नागरिकों की मौत के कुछ ही दिनों बाद प्रधानमंत्री अंतरराष्ट्रीय मंचों पर अन्य देशों के नेताओं से मुलाकात करेंगे, लेकिन अब तक मृतकों के प्रति संवेदना व्यक्त करने या घटना पर स्पष्ट प्रतिक्रिया देने का कोई संकेत नहीं मिला है।
उन्होंने केंद्र सरकार से इस मामले में अपना रुख स्पष्ट करने तथा भारतीय नागरिकों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने की मांग की।




