होम ब्रेकिंग न्यूज जयराम रमेश का अमित शाह पर निशाना, बोले- विपक्षी दलों को तोड़कर...

जयराम रमेश का अमित शाह पर निशाना, बोले- विपक्षी दलों को तोड़कर दो-तिहाई बहुमत जुटाने की हो रही कोशिश

0

नई दिल्ली, 12 जूनकांग्रेस महासचिव जयराम रमेश ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा है कि वह बिना चुनाव कराए लोकसभा में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के लिए दो-तिहाई बहुमत हासिल करने की कोशिश कर रहे हैं। उन्होंने दावा किया कि इसके लिए विपक्षी दलों को कमजोर करने और उनमें टूट पैदा करने के प्रयास किए जा रहे हैं।

     जयराम रमेश ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर जारी अपने बयान में कहा कि भारतीय संसदीय इतिहास में पहले कभी किसी नेता ने अपनी पार्टी के लिए लोकसभा में दो-तिहाई बहुमत सुनिश्चित करने के लिए इस तरह की सक्रियता नहीं दिखाई। उन्होंने आरोप लगाया कि संसद के आगामी मानसून सत्र से पहले इस दिशा में लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।

    कांग्रेस नेता ने कहा कि 17 अप्रैल26 को राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) को उस समय झटका लगा था, जब परिसीमन से संबंधित संविधान संशोधन विधेयक के लिए आवश्यक दो-तिहाई समर्थन नहीं मिल सका और प्रस्ताव सदन में पारित नहीं हो पाया। उनके अनुसार, इस राजनीतिक पराजय के बाद विपक्षी दलों को निशाना बनाया जा रहा है।

     रमेश ने आरोप लगाया कि लोकतांत्रिक मूल्यों को कमजोर करने की कोशिश की जा रही है, लेकिन विपक्ष इसके खिलाफ संघर्ष जारी रखेगा। उन्होंने विश्वास जताया कि ऐसे प्रयास सफल नहीं होंगे और लोकतंत्र की रक्षा के लिए विपक्ष एकजुट होकर अपनी भूमिका निभाता रहेगा।