होम छत्तीसगढ़ रायपुर में कांग्रेस का 10 दिवसीय आवासीय प्रशिक्षण शिविर, 21 जून को...

रायपुर में कांग्रेस का 10 दिवसीय आवासीय प्रशिक्षण शिविर, 21 जून को राहुल गांधी करेंगे शिरकत

0

रायपुर, 18 जून। छत्तीसगढ़ कांग्रेस संगठन को मजबूत करने और जिला स्तर के नेतृत्व को नई दिशा देने के उद्देश्य से अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (एआईसीसी) 20 से 29 जून तक रायपुर के समीप अभनपुर में 10 दिवसीय आवासीय प्रशिक्षण शिविर आयोजित करने जा रही है।इस महत्वपूर्ण शिविर में लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी सहित कांग्रेस के कई वरिष्ठ राष्ट्रीय नेता हिस्सा लेंगे।

     प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने बताया कि शिविर के माध्यम से जिला कांग्रेस अध्यक्षों को संगठनात्मक प्रबंधन, जनसंपर्क, फील्ड गतिविधियों और समसामयिक राजनीतिक विषयों पर विशेष प्रशिक्षण दिया जाएगा। बैज ने बताया कि शिविर में एआईसीसी के प्रशिक्षण विभाग द्वारा जिला अध्यक्षों को संगठनात्मक कार्यों, फील्ड विजिट तथा सामाजिक और राजनीतिक गतिविधियों से संबंधित विशेष प्रशिक्षण दिया जाएगा। इस दौरान कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं सहित एआईसीसी के सभी राष्ट्रीय महासचिव भी मौजूद रहेंगे। छत्तीसगढ़ कांग्रेस प्रभारी सचिन पायलट और प्रभारी सचिव भी प्रशिक्षण शिविर में भाग लेंगे।

     उन्होंने बताया कि लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी 21 जून को रायपुर पहुंचेंगे। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार राहुल गांधी दोपहर 2 बजे रायपुर पहुंचेंगे और लगभग 2:45 बजे प्रशिक्षण स्थल पर पहुंचकर जिला अध्यक्षों को मार्गदर्शन देंगे। वे शाम 5:30 बजे तक शिविर में रहेंगे और इसके बाद शाम 6:45 बजे नियमित विमान से दिल्ली रवाना हो जाएंगे।

     इस अवसर पर दीपक बैज ने भाजपा सरकार में मंत्री केदार कश्यप द्वारा राहुल गांधी के संबंध में दिए गए बयान की कड़ी आलोचना की। उन्होंने इसे अभद्र, आपत्तिजनक और निंदनीय बताते हुए कहा कि यह भाजपा की वास्तविक सोच और चरित्र को उजागर करता है। बैज ने कहा कि देश के नेता प्रतिपक्ष के प्रति इस प्रकार की भाषा का प्रयोग अस्वीकार्य है और भाजपा को अपने मंत्री के बयान के लिए सार्वजनिक रूप से माफी मांगनी चाहिए।

     प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने राज्य सरकार पर भी निशाना साधते हुए कहा कि छत्तीसगढ़ की पहचान धान के कटोरे के रूप में रही है, लेकिन भाजपा शासन में राज्य की छवि को नुकसान पहुंचा है। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश में नशे और अवैध शराब के कारोबार को बढ़ावा मिला है तथा सरकार इस पर नियंत्रण करने में विफल रही है।