नई दिल्ली/रायपुर, 24 जून। छत्तीसगढ़ को आयुर्वेद चिकित्सा, अनुसंधान और उच्च शिक्षा का प्रमुख केंद्र बनाने की दिशा में मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय ने केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री श्री अमित शाह से मुलाकात कर राज्य में अखिल भारतीय आयुर्वेद संस्थान (AIIA) की स्थापना का आग्रह किया। नई दिल्ली स्थित कर्तव्य भवन में हुई इस बैठक में उप मुख्यमंत्री श्री विजय शर्मा भी उपस्थित रहे।
मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि नई दिल्ली और पणजी में संचालित AIIA ने आयुर्वेद आधारित चिकित्सा, शोध और नवाचार के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य किया है। उन्होंने बताया कि छत्तीसगढ़ प्राकृतिक औषधीय संपदा, वन क्षेत्रों और जनजातीय पारंपरिक ज्ञान से समृद्ध राज्य है, ऐसे में यहां AIIA की स्थापना आयुर्वेद के विकास को नई गति दे सकती है।
उन्होंने कहा कि संस्थान की स्थापना से प्रदेशवासियों को उच्चस्तरीय स्वास्थ्य सुविधाएं मिलेंगी, वहीं युवाओं को अध्ययन, अध्यापन और अनुसंधान के बेहतर अवसर प्राप्त होंगे। इससे आयुर्वेद चिकित्सा शिक्षा को बढ़ावा मिलने के साथ राज्य को राष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान भी मिलेगी।
मुख्यमंत्री ने केंद्रीय बजट 2026 में तीन नए अखिल भारतीय आयुर्वेद संस्थानों की स्थापना की घोषणा का उल्लेख करते हुए इनमें से एक संस्थान छत्तीसगढ़ को आवंटित करने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि यह संस्थान स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने के साथ रोजगार और शोध के नए अवसर भी सृजित करेगा।
बैठक के दौरान मुख्यमंत्री ने बस्तर समेत राज्य के दूरस्थ क्षेत्रों में चल रहे विकास कार्यों, अधोसंरचना विस्तार और जनकल्याणकारी योजनाओं की प्रगति की जानकारी भी केंद्रीय गृह मंत्री को दी।
केंद्रीय गृह मंत्री श्री अमित शाह ने छत्तीसगढ़ में विकास और जनकल्याण के लिए किए जा रहे प्रयासों की सराहना करते हुए केंद्र सरकार की ओर से हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया।




