होम छत्तीसगढ़ मुख्यमंत्री साय ने दिए सुरक्षा ऑडिट के आदेश

मुख्यमंत्री साय ने दिए सुरक्षा ऑडिट के आदेश

0

रायपुर, 24 जून। छत्तीसगढ़ सरकार ने राज्यभर में बहुमंजिला आवासीय भवनों, व्यावसायिक प्रतिष्ठानों, कोचिंग संस्थानों, होटलों और अन्य सार्वजनिक उपयोग के भवनों की सुरक्षा व्यवस्था की व्यापक समीक्षा कराने का निर्णय लिया है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने हाल के दिनों में देश के विभिन्न हिस्सों में हुई अग्नि दुर्घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए सुरक्षा मानकों के अनुपालन की विशेष जांच और ऑडिट कराने के निर्देश दिए हैं।

     मुख्यमंत्री ने कहा कि नागरिकों, विद्यार्थियों और आमजन की सुरक्षा राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया है कि सुरक्षा नियमों की अनदेखी करने वाले संस्थानों और प्रतिष्ठानों के खिलाफ नियमानुसार कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

     मुख्यमंत्री के निर्देश पर मुख्य सचिव विकास शील ने सभी संभागीय आयुक्तों, जिला कलेक्टरों, नगर निगम आयुक्तों, मुख्य नगरपालिका अधिकारियों, अग्निशमन विभाग और संबंधित विभागों को विशेष निरीक्षण अभियान चलाने के निर्देश जारी किए हैं। इस अभियान के तहत बहुमंजिला आवासीय परिसरों, कोचिंग सेंटरों, ट्यूशन कक्षाओं, होटल-लॉज, मॉल, व्यावसायिक परिसरों तथा अन्य सार्वजनिक भवनों की सुरक्षा व्यवस्थाओं का विस्तृत परीक्षण किया जाएगा।

      सरकार द्वारा चलाए जाने वाले इस विशेष अभियान में फायर सेफ्टी उपकरणों की उपलब्धता, वैध फायर एनओसी, आपातकालीन निकास मार्ग, भवनों की संरचनात्मक मजबूती, विद्युत वायरिंग की स्थिति, सीसीटीवी निगरानी व्यवस्था, प्राथमिक उपचार सुविधाएं, पेयजल एवं स्वच्छता व्यवस्था सहित विभिन्न सुरक्षा मानकों की जांच की जाएगी।

      इसके अलावा भवनों की क्षमता के अनुरूप लोगों की संख्या, पार्किंग व्यवस्था और किसी आपदा की स्थिति में निकासी एवं राहत प्रबंधन की तैयारियों का भी आकलन किया जाएगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि विद्यार्थियों, महिलाओं, वरिष्ठ नागरिकों और आम नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करना शासन की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है, इसलिए सभी संबंधित संस्थानों में निर्धारित सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित किया जाना चाहिए।