रतलाम, 26 जून। मध्य प्रदेश के रतलाम जिले में मुहर्रम के जुलूस के दौरान एक दर्दनाक हादसा हो गया। पिपलौदा थाना क्षेत्र के हतनारा गांव में देर रात निकाले जा रहे ताजिया के हाईटेंशन बिजली लाइन की चपेट में आने से करंट फैल गया। हादसे में तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 10 अन्य गंभीर रूप से झुलस गए। घायलों का विभिन्न अस्पतालों में उपचार जारी है।
जानकारी के अनुसार, यह घटना गुरुवार रात लगभग 11:15 बजे की है। हतनारा गांव के मेवाती मोहल्ले से पारंपरिक रूप से मुहर्रम का ताजिया जुलूस निकाला जा रहा था। जुलूस जब गांव के एक मार्ग से गुजर रहा था, तभी ताजिया ऊपर से गुजर रही हाईटेंशन बिजली लाइन से संपर्क में आ गया। देखते ही देखते ताजिया में करंट दौड़ गया, जिससे उसे उठाए हुए कई लोग उसकी चपेट में आ गए। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी और चीख-पुकार मच गई।
सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम तत्काल मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। घायलों को तुरंत नजदीकी अस्पतालों और रतलाम मेडिकल कॉलेज भेजा गया, जहां उनका इलाज किया जा रहा है।
रतलाम के पुलिस अधीक्षक अमित कुमार ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि हादसे में तीन लोगों की मृत्यु हुई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और यह पता लगाया जा रहा है कि हादसा किन परिस्थितियों में हुआ।
वहीं, रतलाम मेडिकल कॉलेज के चिकित्सक डॉ. रवींद्र सोलंकी ने बताया कि अस्पताल लाए गए लोगों में तीन की मौत हो चुकी थी, जबकि अन्य घायलों का इलाज जारी है। चिकित्सकों की टीम सभी घायलों को बेहतर उपचार उपलब्ध कराने में जुटी हुई है।
इस दर्दनाक हादसे के बाद हतनारा गांव समेत पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है। प्रशासन ने लोगों से धार्मिक जुलूसों के दौरान सुरक्षा मानकों का विशेष ध्यान रखने और बिजली लाइनों के आसपास अतिरिक्त सतर्कता बरतने की अपील की है।




