होम देश-विदेश अरुणाचल में फ्लैश फ्लड का कहर: चार लोग अब भी लापता

अरुणाचल में फ्लैश फ्लड का कहर: चार लोग अब भी लापता

0

ईटानगर, 26 जून। अरुणाचल प्रदेश के केयी पन्योर जिले में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश के बाद आई फ्लैश फ्लड ने भारी तबाही मचाई है। बाढ़ के तेज बहाव में बह गए चार लोगों की तलाश के लिए प्रशासन ने बड़े स्तर पर खोज एवं बचाव अभियान तेज कर दिया है। राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ), राज्य आपदा प्रतिक्रिया बल (एसडीआरएफ), जिला पुलिस और स्थानीय स्वयंसेवक संयुक्त रूप से राहत एवं बचाव कार्य में जुटे हुए हैं।

       अधिकारियों के अनुसार, बुधवार को हुई भारी बारिश के बाद अचानक आई बाढ़ की चपेट में नॉर्थ ईस्टर्न इलेक्ट्रिक पावर कॉरपोरेशन लिमिटेड (नीपको) कॉलोनी के कई लोग आ गए थे। अब तक 35 वर्षीय एक महिला का शव बरामद किया जा चुका है, जबकि इस हादसे में 17 अन्य लोग घायल हुए हैं। चार लोग अभी भी लापता हैं, जिनकी तलाश लगातार जारी है।

       राज्य के आपदा प्रबंधन सचिव दानी सुलू ने बताया कि शुक्रवार सुबह करीब 7:30 बजे पन्योर लोअर जल विद्युत परियोजना के बांध क्षेत्र में नौकाओं की मदद से दोबारा सर्च ऑपरेशन शुरू किया गया। बचाव दल नदी और आसपास के इलाकों में गहन तलाशी अभियान चला रहे हैं।

       प्रशासन के सामने सबसे बड़ी चुनौती प्रभावित क्षेत्र में मोबाइल नेटवर्क का पूरी तरह ठप होना है। संचार व्यवस्था बाधित होने के कारण राहत एवं बचाव कार्यों के समन्वय में दिक्कतें आ रही हैं। स्थानीय लोगों को नेटवर्क उपलब्ध होने वाले स्थानों तक जाकर ही प्रशासन को स्थिति की जानकारी देनी पड़ रही है।

      प्रशासन ने लोगों से नदी और जलभराव वाले क्षेत्रों से दूर रहने तथा मौसम विभाग और जिला प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की है। वहीं, लापता लोगों की तलाश के लिए राहत एवं बचाव अभियान लगातार जारी है।