होम उत्तर प्रदेश राम मंदिर दान मामले में एसआईटी पर कांग्रेस का सवाल, सांसद किशोरी...

राम मंदिर दान मामले में एसआईटी पर कांग्रेस का सवाल, सांसद किशोरी लाल बोले- बचाया जा रहा हैं बड़े नेताओं को

0

गौरीगंज, 29 जून। उत्तर प्रदेश के अमेठी से कांग्रेस सांसद किशोरी लाल शर्मा ने अयोध्या के राम मंदिर में दान और चढ़ावे से जुड़ी कथित वित्तीय अनियमितताओं की एसआईटी जांच पर गंभीर सवाल उठाए हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि यह जांच केवल औपचारिकता है और इसका उद्देश्य मामले में कथित रूप से शामिल बड़े लोगों को बचाना है। साथ ही कांग्रेस ने इस मुद्दे पर देशभर में जनजागरण अभियान चलाने का ऐलान किया है।

    सोमवार को अमेठी में पत्रकारों से बातचीत करते हुए श्री शर्मा ने कहा कि कांग्रेस को एसआईटी की जांच पर भरोसा नहीं है। उनका आरोप है कि प्रदेश की “डबल इंजन” सरकार मामले के तथ्यों को छिपाने और कथित रूप से संलिप्त प्रभावशाली लोगों को बचाने की कोशिश कर रही है। उन्होंने दावा किया कि इस पूरे मामले में बीजेपी, राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) और विश्व हिंदू परिषद (वीएचपी) के बड़े नेताओं की भूमिका की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए।

    कांग्रेस सांसद ने कहा कि यदि निष्पक्ष जांच कराई जाए तो पूरे मामले की सच्चाई सामने आ जाएगी। उन्होंने यह भी कहा कि केवल आठ लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर देना पर्याप्त नहीं है, बल्कि पूरे प्रकरण की गहराई से जांच होनी चाहिए ताकि वास्तविक जिम्मेदार लोगों की पहचान हो सके।

    श्री शर्मा ने कहा कि कांग्रेस इस मुद्दे को लेकर देशभर में जनजागरण अभियान चलाएगी और जनता के बीच जाकर अपना पक्ष रखेगी। उन्होंने कहा, “जो राम के नहीं हुए, वे देश के क्या होंगे।”

     इस दौरान उन्होंने केंद्र और राज्य सरकार पर भी निशाना साधते हुए कहा कि देश का युवा बेरोजगारी, परीक्षा पत्र लीक और बढ़ती आत्महत्या जैसी समस्याओं से जूझ रहा है, जबकि सरकार जनता के मुद्दों से ध्यान भटकाने का काम कर रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार कुछ चुनिंदा लोगों को लाभ पहुंचाने की नीतियों पर काम कर रही है।

    सांसद श्री शर्मा ने बताया कि वह मंगलवार को अयोध्या पहुंचकर रामलला के दर्शन भी करेंगे।