रायपुर, 30 जून। छत्तीसगढ़ सरकार ने राज्य के खिलाड़ियों के लिए बड़ी सौगात देते हुए वर्ष 2018-19 और 2019-20 के लिए 156 उत्कृष्ट खिलाड़ियों के चयन को अंतिम मंजूरी दे दी है।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की अध्यक्षता में मंगलवार को उनके निवास कार्यालय में आयोजित उच्चस्तरीय समिति की बैठक में यह अहम निर्णय लिया गया। चयनित खिलाड़ियों में 20 विभिन्न खेलों के प्रतिभाशाली खिलाड़ी शामिल हैं।
बैठक में लिए गए निर्णय के अनुसार, चयनित खिलाड़ियों की सूची अब सामान्य प्रशासन विभाग को भेजी जाएगी। विभाग द्वारा अधिसूचना जारी होने के बाद पात्र खिलाड़ियों की शासकीय सेवा में नियुक्ति की प्रक्रिया शुरू की जाएगी। लंबे समय से इस सूची का इंतजार कर रहे खिलाड़ियों के लिए यह फैसला राहत और खुशी लेकर आया है।
बैठक के दौरान मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि खिलाड़ियों के चयन और नियुक्ति की पूरी प्रक्रिया पारदर्शी, समयबद्ध और प्रोत्साहन आधारित हो। उन्होंने कहा कि उत्कृष्ट खिलाड़ियों को उनकी पात्रता के अनुरूप सरकारी सेवा में अवसर उपलब्ध कराया जाएगा, साथ ही उनके अनुभव का उपयोग खेल प्रशिक्षण, प्रतिभा संवर्धन और युवा खिलाड़ियों के मार्गदर्शन में भी किया जाना चाहिए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार का उद्देश्य केवल खिलाड़ियों को सम्मानित करना नहीं, बल्कि प्रदेश में ऐसी मजबूत खेल व्यवस्था विकसित करना है, जहां गांव से लेकर राज्य स्तर तक प्रतिभाओं की समय रहते पहचान हो और उन्हें आधुनिक प्रशिक्षण, बेहतर खेल सुविधाएं तथा राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रतिस्पर्धा के अवसर मिल सकें।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार खेल अधोसंरचना के विस्तार, आधुनिक खेल सुविधाओं के विकास और नई खेल अकादमियों की स्थापना के लिए लगातार कार्य कर रही है। सरकार का लक्ष्य ऐसे खिलाड़ी तैयार करना है जो राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में छत्तीसगढ़ का नाम रोशन करें। मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि चयनित खिलाड़ी भविष्य में नई पीढ़ी के खिलाड़ियों के लिए प्रेरणा बनेंगे और खेल संस्कृति को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।
बैठक में अधिकारियों ने जानकारी दी कि राज्य में अब तक 182 उत्कृष्ट खिलाड़ियों को घोषित किया जा चुका है। वर्ष 2018-19 और 2019-20 के लिए जारी विज्ञापन के आधार पर प्राप्त आवेदनों की निर्धारित मानकों के अनुसार जांच के बाद 156 खिलाड़ियों को पात्र पाया गया।
बैठक में उपमुख्यमंत्री अरुण साव, वन मंत्री केदार कश्यप, मुख्य सचिव विकास शील, मुख्यमंत्री के प्रमुख सचिव सुबोध कुमार सिंह, सचिव राहुल भगत, सामान्य प्रशासन विभाग के सचिव अविनाश चंपावत, खेल एवं युवा कल्याण विभाग के सचिव यशवंत कुमार तथा विभाग की संचालक तनुजा सलाम सहित वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।




