रायपुर, 30 जून। छत्तीसगढ़ के कोरिया जिले के बहुचर्चित नौगई ट्रिपल मर्डर केस में बड़ा घटनाक्रम सामने आया है। राज्य सरकार ने मामले की जांच केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (CBI) से कराने के लिए अपनी सहमति दे दी है। सरकार के इस फैसले के बाद अब इस सनसनीखेज हत्याकांड की जांच केंद्रीय एजेंसी करेगी।
मिली जानकारी के अनुसार, प्रदेश के गृह मंत्री विजय शर्मा ने मंगलवार को पीड़ित परिवार के सदस्यों से चर्चा की। परिजनों की मांग और मामले की गंभीरता को देखते हुए राज्य सरकार ने निष्पक्ष एवं गहन जांच सुनिश्चित करने के उद्देश्य से CBI जांच के लिए सहमति प्रदान कर दी।
गौरतलब है कि 16 जून की रात कोरिया जिले के सोनहत क्षेत्र के ग्राम नौगई में हुए तिहरे हत्याकांड ने पूरे प्रदेश को झकझोर दिया था। इस घटना में भाजपा नेता भरत सिंह उर्फ लल्ला सिंह, नागेंद्र सिंह और वीरेंद्र सिंह की कथित रूप से वाहन में आग लगाकर हत्या कर दी गई थी। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में भारी आक्रोश देखने को मिला था।
मृतकों के परिजन शुरू से ही मामले की CBI जांच की मांग कर रहे थे। उनका आरोप था कि मामले की निष्पक्ष जांच के लिए केंद्रीय एजेंसी की जांच आवश्यक है। लगातार उठ रही मांग और जनभावनाओं को देखते हुए राज्य सरकार ने आखिरकार CBI जांच को मंजूरी दे दी।
सरकार के इस निर्णय के बाद पीड़ित परिवार ने न्याय मिलने की उम्मीद जताई है। अब सभी की निगाहें CBI की आगामी कार्रवाई और जांच की दिशा पर टिकी हैं। माना जा रहा है कि केंद्रीय एजेंसी मामले के सभी पहलुओं की विस्तृत जांच कर दोषियों तक पहुंचने का प्रयास करेगी।




