होम उत्तर प्रदेश 819 करोड़ की परियोजनाओं की सौगात, सुल्तानपुर से विपक्ष पर बरसे मुख्यमंत्री...

819 करोड़ की परियोजनाओं की सौगात, सुल्तानपुर से विपक्ष पर बरसे मुख्यमंत्री योगी

0

(दर्शन कुमार साहू)

सुल्तानपुर, 07जुलाई। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंगलवार को सुल्तानपुर में 819 करोड़ रुपये की विभिन्न विकास परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया।इस अवसर पर आयोजित जनसभा में उन्होंने प्रदेश सरकार की उपलब्धियां गिनाते हुए समाजवादी पार्टी और कांग्रेस पर तीखा राजनीतिक हमला बोला।

          श्री योगी ने कहा कि वर्ष 2017 से पहले प्रदेश में कानून-व्यवस्था की स्थिति खराब थी, जबकि वर्तमान सरकार ने सुरक्षा, सुशासन और विकास को प्राथमिकता दी है। उन्होंने कहा, “पहले हर जिले में गुंडे पाले जाते थे, आज हर जिले में मेडिकल कॉलेज खुल रहे हैं।”

     उन्होंने कहा कि पूर्वांचल एक्सप्रेसवे, अयोध्या अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट और बेहतर सड़क संपर्क से सुल्तानपुर के विकास को नई गति मिली है। उनके अनुसार, बेहतर कनेक्टिविटी से निवेश, उद्योग और रोजगार के अवसर बढ़ेंगे। मुख्यमंत्री ने पूर्वांचल एक्सप्रेसवे के किनारे औद्योगिक क्लस्टर विकसित करने की योजना का भी उल्लेख किया।

     रोजगार के मुद्दे पर मुख्यमंत्री ने दावा किया कि वर्तमान सरकार में भर्ती प्रक्रिया पारदर्शी हुई है और युवाओं को बिना रिश्वत तथा बिना सिफारिश के सरकारी नौकरियां मिल रही हैं। उन्होंने पूर्ववर्ती सरकारों पर भाई-भतीजावाद और भ्रष्टाचार को बढ़ावा देने का आरोप लगाया।

     राम जन्मभूमि से जुड़े चंदे के मुद्दे पर मुख्यमंत्री ने कहा कि ट्रस्ट के अनुरोध पर राज्य सरकार ने विशेष जांच दल (एसआईटी) गठित किया है। उन्होंने आरोप लगाया कि समाजवादी पार्टी और कांग्रेस इस मामले को लेकर अयोध्या और लोगों की आस्था को बदनाम करने का प्रयास कर रही हैं।

    मुख्यमंत्री ने सुल्तानपुर मेडिकल कॉलेज, स्वास्थ्य सेवाओं, खेल सुविधाओं और औद्योगिक विकास का उल्लेख करते हुए कहा कि इन परियोजनाओं से युवाओं, विशेषकर बेटियों, को शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार के नए अवसर मिलेंगे।

  कार्यक्रम में नगर विधायक विनोद सिंह, सदर विधायक राज प्रसाद उपाध्याय, लंभुआ विधायक सीताराम वर्मा, एमएलसी शैलेंद्र प्रताप सिंह, जिला पंचायत अध्यक्ष उषा सिंह,पूर्व  भाजपा जिलाध्यक्ष डॉ. आर. ए. वर्मा,डा.एम.पी.सिंह सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में लोग उपस्थित रहे।