होम छत्तीसगढ़ छत्तीसगढ़ के चर्चित घोटालों में बड़ी कार्रवाई: कांग्रेस नेता रामगोपाल अग्रवाल EOW...

छत्तीसगढ़ के चर्चित घोटालों में बड़ी कार्रवाई: कांग्रेस नेता रामगोपाल अग्रवाल EOW की हिरासत में

0

रायपुर, 8 जुलाई। छत्तीसगढ़ के बहुचर्चित शराब, कोल लेवी और कस्टम मिलिंग घोटालों की जांच में बुधवार को बड़ा घटनाक्रम सामने आया। आर्थिक अपराध अन्वेषण ब्यूरो (EOW) ने कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व कोषाध्यक्ष रामगोपाल अग्रवाल को पूछताछ के बाद हिरासत में ले लिया।

      सूत्रों के अनुसार, कस्टम मिलिंग घोटाले की जांच के सिलसिले में EOW ने रामगोपाल अग्रवाल को समन जारी किया था। इससे एक दिन पहले उनके पुत्र वैभव अग्रवाल से EOW कार्यालय में कई घंटे तक पूछताछ की गई थी। बुधवार को रामगोपाल अग्रवाल स्वयं EOW कार्यालय पहुंचे, जहां अधिकारियों ने उनसे प्रारंभिक पूछताछ की। पूछताछ के बाद एजेंसी ने उन्हें हिरासत में ले लिया।

      रामगोपाल अग्रवाल कांग्रेस संगठन में प्रदेश कोषाध्यक्ष की जिम्मेदारी निभा चुके हैं। इसके अलावा वे नागरिक आपूर्ति निगम (नान) के पूर्व अध्यक्ष भी रह चुके हैं। जांच एजेंसियों के अनुसार, शराब घोटाला, कोल लेवी और कस्टम मिलिंग से जुड़े मामलों में उनका नाम सामने आने के बाद ED और EOW दोनों उनकी भूमिका की जांच कर रही थीं।

      बताया जा रहा है कि EOW अब उनसे इन तीनों चर्चित मामलों से जुड़े वित्तीय लेनदेन, कथित अनियमितताओं और अन्य संबंधित पहलुओं पर विस्तृत पूछताछ करेगी। जांच एजेंसी की इस कार्रवाई को प्रदेश के बहुचर्चित आर्थिक घोटालों की जांच में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

     मामले में EOW की ओर से फिलहाल विस्तृत आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है। जांच आगे बढ़ने के साथ इस प्रकरण में और भी महत्वपूर्ण खुलासे होने की संभावना जताई जा रही है।