होम ब्रेकिंग न्यूज चेक बाउंस मामले में राजपाल यादव को बड़ा झटका, दिल्ली हाईकोर्ट ने...

चेक बाउंस मामले में राजपाल यादव को बड़ा झटका, दिल्ली हाईकोर्ट ने 3 महीने की जेल

0

नई दिल्ली, 10 जुलाई। बॉलीवुड अभिनेता राजपाल यादव को चेक बाउंस से जुड़े मामलों में दिल्ली हाईकोर्ट से राहत नहीं मिली है। हाईकोर्ट ने सात अलग-अलग चेक बाउंस मामलों में उनकी दोषसिद्धि को बरकरार रखते हुए तीन महीने के साधारण कारावास और कुल 7.35 करोड़ रुपये के जुर्माने की सजा को कायम रखा है।

     शुक्रवार को हुई सुनवाई में जस्टिस स्वर्ण कांता शर्मा की एकल पीठ ने राजपाल यादव द्वारा निचली अदालत के फैसले को चुनौती देने वाली सभी याचिकाएं खारिज कर दीं। अदालत ने सातों मामलों में तीन-तीन महीने के साधारण कारावास की सजा सुनाई, हालांकि सभी सजाएं एक साथ चलेंगी। इसका अर्थ है कि अभिनेता को कुल तीन महीने की ही जेल की सजा भुगतनी होगी।

     अदालत ने अपने आदेश में कहा कि राजपाल यादव को न्यायालय में दिए गए अंडरटेकिंग (प्रतिबद्धता) का पालन करने के लिए कई अवसर दिए गए थे, लेकिन उन्होंने बार-बार मौका मिलने के बावजूद उसका पालन नहीं किया। इसी आधार पर उनकी दोषसिद्धि को बरकरार रखा गया।

     हाईकोर्ट ने प्रत्येक मामले में 1.05 करोड़ रुपये का जुर्माना लगाया है। इस प्रकार सातों मामलों में कुल जुर्माना 7.35 करोड़ रुपये बनता है। अदालत के निर्देशानुसार प्रत्येक मामले में 1 करोड़ 4 लाख 75 हजार रुपये शिकायतकर्ता को दिए जाएंगे, जबकि 25 हजार रुपये राज्य के खाते में जमा किए जाएंगे।

      यह पूरा मामला वर्ष 2010 में बनी फिल्म अता पता लापता’ के निर्माण से जुड़ा है। फिल्म के निर्माण के लिए राजपाल यादव ने 5 करोड़ रुपये लिए थे। अभिनेता का कहना था कि यह राशि निवेश के रूप में ली गई थी, लेकिन बाद में विवाद बढ़ने पर बकाया राशि लगभग 9 करोड़ रुपये तक पहुंच गई।

      इसी प्रकरण में राजपाल यादव ने 5 फरवरी 2026 को तिहाड़ जेल में आत्मसमर्पण किया था। उस समय उन्होंने कहा था कि आर्थिक कठिन दौर में कई लोगों ने उनका साथ दिया और मदद की।

      जेल से बाहर आने के बाद अभिनेता ने दावा किया था कि आने वाले वर्षों के लिए उनके पास करीब 1200 करोड़ रुपये के ब्रांडिंग और विभिन्न प्रोजेक्ट्स से जुड़े कार्य हैं। उन्होंने यह भी कहा था कि कई बड़ी फिल्में और अन्य प्रोजेक्ट्स उनकी पाइपलाइन में हैं। हाल के समय में वह भूत बंगला’ और वेलकम टू द जंगल’ जैसी फिल्मों में नजर आए हैं।