बिलासपुर, 13 जुलाई। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर रेल मंडल अंतर्गत करगी रोड रेलवे स्टेशन पर सोमवार को एक मालगाड़ी के तीन डिब्बे पटरी से उतर जाने से रेलवे परिसर में हड़कंप मच गया। घटना प्लेटफॉर्म नंबर-2 के पास हुई। राहत की बात यह रही कि हादसे में किसी तरह की जनहानि नहीं हुई और समय रहते बड़ा रेल हादसा टल गया।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, मालगाड़ी के पीछे के तीन डिब्बे अचानक पटरी से उतर गए। घटना के बाद ट्रेन का इंजन कुछ दूरी तक आगे बढ़ने के बाद रुक गया, जबकि पीछे के डिब्बे प्रभावित हो गए। हादसे के तुरंत बाद रेलवे स्टेशन पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया और अधिकारियों को इसकी सूचना दी गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, मालगाड़ी के नीचे जेसीबी मशीन का बकेट फंसा हुआ दिखाई दिया। स्थानीय लोगों का कहना है कि रेलवे ट्रैक के आसपास चल रहे कार्य के दौरान जेसीबी का बकेट किसी तरह ट्रेन की चपेट में आ गया, जिससे यह दुर्घटना हुई। वहीं, कुछ अन्य प्रत्यक्षदर्शियों का दावा है कि कुछ युवक जेसीबी का बकेट लेकर रेलवे लाइन पार कर रहे थे। इसी दौरान वहां से गुजर रही मालगाड़ी से बकेट टकराकर उसके नीचे फंस गया, जिसके कारण पीछे के डिब्बे पटरी से उतर गए।
हालांकि, रेलवे प्रशासन ने अभी तक दुर्घटना के कारणों की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। अधिकारियों का कहना है कि सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच की जा रही है और जांच रिपोर्ट आने के बाद ही हादसे के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।
घटना की सूचना मिलते ही रेलवे के वरिष्ठ अधिकारी, रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) के जवान और तकनीकी टीम मौके पर पहुंच गई। रेलवे प्रशासन ने तत्काल राहत एवं बहाली कार्य शुरू कर दिया है। क्षतिग्रस्त डिब्बों को ट्रैक से हटाने और रेल यातायात को सामान्य करने के लिए आवश्यक कार्रवाई जारी है।




