होम छत्तीसगढ़ ई-20 पेट्रोल से वाहन हो रहे खराब, माइलेज घट रही: दीपक बैज

ई-20 पेट्रोल से वाहन हो रहे खराब, माइलेज घट रही: दीपक बैज

0

रायपुर, 13 जुलाई। छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने पेट्रोल में 20 प्रतिशत एथेनॉल मिश्रण (ई-20) को लेकर केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने आरोप लगाया कि बिना पर्याप्त वैज्ञानिक परीक्षण के ई-20 पेट्रोल लागू किए जाने से आम लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। उनके अनुसार इस ईंधन के इस्तेमाल से वाहनों की माइलेज कम हो रही है और इंजन सहित अन्य महत्वपूर्ण पुर्जों को नुकसान पहुंचने की शिकायतें बढ़ रही हैं।

     श्री बैज ने कहा कि ई-20 पेट्रोल के कारण वाहनों की ईंधन दक्षता प्रभावित हो रही है, जबकि इसकी कीमत भी सामान्य पेट्रोल की तुलना में कम नहीं है। उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार ने एक केंद्रीय मंत्री और उनके परिवार के व्यावसायिक हितों को ध्यान में रखते हुए पूरे देश पर यह व्यवस्था थोप दी, जिससे आम उपभोक्ता मुश्किल में पड़ गए हैं।

     प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने विशेषज्ञों के हवाले से कहा कि एथेनॉल हवा से नमी को तेजी से अवशोषित करता है। ऐसे में पुराने वाहनों के धातु से बने फ्यूल टैंक और फ्यूल पंप में जंग लगने की आशंका बढ़ जाती है। यह जंग इंजन तक पहुंचकर उसे नुकसान पहुंचा सकती है।

     उन्होंने यह भी कहा कि एथेनॉल एक शक्तिशाली घुलनशील पदार्थ की तरह काम करता है। अप्रैल 2023 से पहले निर्मित या केवल ई-10 ईंधन के लिए डिजाइन किए गए वाहनों में लगे रबर सील, गैस्केट, प्लास्टिक के पुर्जे और फ्यूल पाइप एथेनॉल के लगातार संपर्क में आने से कमजोर पड़ सकते हैं, जिससे रिसाव या टूट-फूट जैसी समस्याएं उत्पन्न हो सकती हैं।

    दीपक बैज ने दावा किया कि लंबे समय तक ई-10 या उससे कम एथेनॉल मिश्रण वाले ईंधन के लिए बने वाहनों में सीधे ई-20 पेट्रोल का उपयोग करने से फ्यूल इंजेक्टर जाम होने और अन्य महंगे पुर्जों के खराब होने का खतरा बढ़ जाता है। इससे वाहन मालिकों पर मरम्मत और रखरखाव का अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ सकता है।