सुलतानपुर, 13 जुलाई। सुलतानपुर जिले की लम्भुआ पुलिस ने दंपत्तियों और अकेली महिलाओं को तमंचे के बल पर लूट का निशाना बनाने वाले तीन शातिर बदमाशों को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूटी गई सोने की चेन, सोने का लॉकेट, वीवो मोबाइल फोन, नकदी, एक अवैध तमंचा, दो जिंदा कारतूस तथा वारदात में प्रयुक्त अपाचे मोटरसाइकिल बरामद की है।
लम्भुआ थाना प्रभारी धीरज कुमार ने बताया कि 24 जून को सोनवरसा के पास बाइक सवार दंपत्ति से तमंचा दिखाकर सोने की चेन, पर्स और मोबाइल लूटने की घटना के बाद पुलिस लगातार आरोपियों की तलाश कर रही थी। जांच के दौरान मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने पिलखिनी तिराहे के पास घेराबंदी कर पुष्पेन्द्र सिंह उर्फ प्रिंस, आशुतोष पाण्डेय और शिवा यादव को गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में आरोपियों ने पीपरपुर रेलवे स्टेशन के समीप दो महिलाओं से लूटपाट करने तथा मोतिगरपुर क्षेत्र में एक महिला से सोने का लॉकेट लूटने की घटनाओं में भी अपनी संलिप्तता स्वीकार की। इसके साथ ही पुलिस ने तीनों चर्चित लूटकांडों का खुलासा कर दिया।
अपर पुलिस अधीक्षक बृज नारायण सिंह ने बताया कि मुख्य आरोपी ने नई अपाचे बाइक खरीदने के बाद अपने दो साथियों के साथ मिलकर गिरोह बनाया था। तीनों सुनसान मार्गों पर दंपत्तियों और अकेली महिलाओं की रेकी कर उन्हें तमंचे के बल पर डराते थे और उनके कीमती सामान लूटकर फरार हो जाते थे।
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि गिरोह अन्य वारदातों में भी शामिल रहा है या नहीं।




