होम ब्रेकिंग न्यूज महंगाई पर कांग्रेस का मोदी सरकार पर हमला, जयराम रमेश बोले- 17...

महंगाई पर कांग्रेस का मोदी सरकार पर हमला, जयराम रमेश बोले- 17 महीने के उच्चतम स्तर पर पहुंची खुदरा महंगाई

0

नई दिल्ली, 14 जुलाई। जून महीने में खुदरा महंगाई दर के 17 महीने के उच्चतम स्तर पर पहुंचने के बाद कांग्रेस ने केंद्र की मोदी सरकार को घेरते हुए आम जनता पर बढ़ते आर्थिक बोझ का मुद्दा उठाया है। पार्टी महासचिव जयराम रमेश ने महंगाई और संभावित ब्याज दर वृद्धि को लेकर सरकार पर निशाना साधते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से जवाब मांगा है।

        जयराम रमेश ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर पोस्ट करते हुए आरोप लगाया कि मोदी सरकार के 12 वर्षों में महंगाई और बेरोजगारी ने आम लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। उन्होंने कहा कि सरकार के दावों के विपरीत अब आधिकारिक आंकड़े भी यह दर्शा रहे हैं कि जून में खुदरा महंगाई दर बढ़कर 4.38 प्रतिशत हो गई है, जो पिछले 17 महीनों का सबसे ऊंचा स्तर है। वहीं ग्रामीण क्षेत्रों में यह दर 4.74 प्रतिशत दर्ज की गई है।

        कांग्रेस नेता ने कहा कि लगातार बढ़ती महंगाई का सीधा असर आम परिवारों के घरेलू बजट पर पड़ रहा है। उन्होंने आशंका जताई कि यदि महंगाई का दबाव बना रहा तो बैंकों की ब्याज दरों में भी बढ़ोतरी हो सकती है, जिससे घर और वाहन ऋण लेने वाले मध्यम वर्ग के लोगों की मासिक ईएमआई का बोझ और बढ़ जाएगा।

        रमेश ने सरकार की आर्थिक नीतियों पर सवाल उठाते हुए कहा कि मुनाफा बड़े पूंजीपतियों तक सीमित रह गया है, जबकि आम जनता महंगाई और बढ़ते खर्च का बोझ उठाने को मजबूर है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से सवाल किया कि आखिर आम लोगों की परेशानियों और महंगाई के मुद्दे पर सरकार कब गंभीरता से अपनी बात रखेगी।