नई दिल्ली, 14 जुलाई। इथेनॉल मिश्रित ई-20 पेट्रोल को लेकर जारी बहस के बीच आम आदमी पार्टी (AAP) के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को पत्र लिखकर इस मुद्दे पर मुलाकात का समय मांगा है। उन्होंने कहा कि ई-20 पेट्रोल को लेकर आम लोगों में कई तरह की चिंताएं हैं, जिन पर सीधे प्रधानमंत्री से चर्चा करना आवश्यक है।
अपने पत्र में केजरीवाल ने आग्रह किया है कि देश के सभी पेट्रोल पंपों पर उपभोक्ताओं को शुद्ध पेट्रोल (Pure Petrol) और ई-20 पेट्रोल दोनों में से अपनी पसंद का ईंधन चुनने का विकल्प दिया जाए। उनका कहना है कि यदि कोई उपभोक्ता इथेनॉल मिश्रित पेट्रोल की जगह सामान्य पेट्रोल लेना चाहता है तो उसे यह सुविधा उपलब्ध होनी चाहिए।
केजरीवाल ने ई-20 पेट्रोल की कीमतों में कमी की भी मांग की है। उनका कहना है कि इथेनॉल मिश्रित पेट्रोल से कई वाहनों में सामान्य पेट्रोल की तुलना में कम माइलेज मिलने की शिकायतें सामने आ रही हैं। ऐसे में इसकी कीमत भी कम होनी चाहिए, ताकि उपभोक्ताओं पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ न पड़े।
उन्होंने बताया कि आम आदमी पार्टी ने ई-20 पेट्रोल से जुड़े लोगों के अनुभव और सुझाव एकत्र करने के लिए एक ऑनलाइन याचिका शुरू की है। इसके माध्यम से नागरिक माइलेज में कमी, वाहन प्रदर्शन और अन्य समस्याओं से जुड़ी अपनी प्रतिक्रियाएं साझा कर सकते हैं। केजरीवाल ने लोगों से अधिक से अधिक संख्या में इस अभियान से जुड़ने और अपने अनुभव दर्ज कराने की अपील की है।
आप प्रमुख ने कहा कि याचिका के माध्यम से प्राप्त सभी सुझावों और शिकायतों को प्रधानमंत्री के साथ प्रस्तावित बैठक में प्रस्तुत किया जाएगा। उन्होंने उम्मीद जताई कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी उन्हें जल्द मुलाकात का समय देंगे, ताकि इस विषय पर विस्तार से चर्चा की जा सके।
इसके साथ ही केजरीवाल ने पार्टी कार्यकर्ताओं और समर्थकों से पेट्रोल पंपों तथा सर्विस स्टेशनों पर जाकर उपभोक्ताओं से बातचीत करने और ई-20 पेट्रोल से जुड़े उनके अनुभवों के वीडियो सोशल मीडिया पर साझा करने की भी अपील की है।
ई-20 पेट्रोल को लेकर उठे इस नए राजनीतिक विवाद के बीच अब सभी की नजर इस बात पर रहेगी कि केंद्र सरकार और प्रधानमंत्री कार्यालय की ओर से केजरीवाल के पत्र पर क्या प्रतिक्रिया आती है।




