होम उत्तर प्रदेश शंकराचार्य बोले- हनुमानगढ़ी में कभी नमाज नहीं हुई

शंकराचार्य बोले- हनुमानगढ़ी में कभी नमाज नहीं हुई

0

गोंडा, 17 जुलाई। ज्योतिर्मठ के शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती ने एक बार फिर उत्तर प्रदेश की योगी आदित्यनाथ सरकार पर तीखा हमला बोला है।

      शंकराचार्य ने गोंडा दौरे के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के उस बयान को खारिज किया, जिसमें हनुमानगढ़ी की सीढ़ियों पर नमाज पढ़े जाने का जिक्र किया गया था। उन्होंने कहा कि ऐसा कभी नहीं हुआ और इस तरह के पुराने मामलों को उठाकर राम मंदिर चंदा मामले से लोगों का ध्यान भटकाने की कोशिश की जा रही है।

      शंकराचार्य ने कहा कि हनुमानगढ़ी की सीढ़ियों पर कभी नमाज नहीं हुई। उनका आरोप है कि करीब 27 साल पुराने एक विवाद को नया रूप देकर जनता का ध्यान मूल मुद्दे से हटाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि राम मंदिर चंदा मामले में अब तक सच्चाई सामने नहीं आई है।

      स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पहले कहा था कि इस मामले की जांच के लिए एसआईटी गठित कर दी गई है और “दूध का दूध, पानी का पानी” हो जाएगा। लेकिन बाद में इस जांच के नतीजों पर कोई स्पष्ट जानकारी सामने नहीं आई। उन्होंने सवाल उठाया कि यदि जांच पूरी हो चुकी है तो उसकी रिपोर्ट सार्वजनिक क्यों नहीं की गई।

      उन्होंने कहा कि अब सरकार पुराने विवादों को सामने लाकर जनता का ध्यान भटकाने का प्रयास कर रही है। उन्होंने मीडिया से भी अपील की कि वह मूल मुद्दों पर सवाल उठाए और यह पूछे कि राम मंदिर चंदा मामले में घोषित जांच का परिणाम आखिर कहां है।

     स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद के इस बयान के बाद प्रदेश की राजनीति में एक बार फिर राम मंदिर चंदा और हनुमानगढ़ी विवाद को लेकर सियासी बहस तेज होने की संभावना है।