रायपुर, 17 जुलाई। छत्तीसगढ़ में भ्रष्टाचार के खिलाफ कार्रवाई जारी रखते हुए आर्थिक अपराध अन्वेषण शाखा (EOW) और भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (ACB) ने आय से अधिक संपत्ति के मामले में छत्तीसगढ़ राज्य बीज एवं कृषि विकास निगम के सेवानिवृत्त बीज प्रबंधक राजेन्द्र सिंह क्षत्रीय को गिरफ्तार किया है। जांच में सामने आया कि उन्होंने अपनी ज्ञात वैध आय से करीब 5.28 करोड़ रुपये अधिक खर्च किए, जो उनकी कुल वैध आय का 87.96 प्रतिशत है।
EOW-ACB द्वारा रायपुर में दर्ज अपराध क्रमांक 15/2020 की जांच के दौरान यह तथ्य सामने आया कि जांच अवधि में राजेन्द्र सिंह क्षत्रीय की कुल वैध आय 6,00,47,497.77 रुपये थी, जबकि इसी अवधि में उन्होंने 11,28,67,045.50 रुपये का व्यय किया। इस तरह उनके द्वारा 5,28,19,547.73 रुपये की आय से अधिक संपत्ति और खर्च किए जाने का मामला उजागर हुआ।
जांच एजेंसी ने दस्तावेजी साक्ष्यों और अन्य प्रमाणों के आधार पर आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम, 1988 (संशोधित 2018) की धारा 13(1)(बी) एवं 13(2) के तहत पर्याप्त साक्ष्य मिलने की पुष्टि की। इसके बाद 17 जुलाई 2026 को उन्हें गिरफ्तार कर विशेष न्यायालय, बैकुण्ठपुर (जिला कोरिया) में पेश किया गया।
सुनवाई के बाद विशेष न्यायालय ने आरोपी को न्यायिक रिमांड पर भेजते हुए जिला जेल बैकुण्ठपुर भेजने का आदेश दिया। EOW-ACB के अनुसार, मामले में उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई जारी रहेगी।



